चंडीगढ़, 4 जून 2026। सेक्टर-29 स्थित श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में चल रहे 52वें वार्षिक मूर्ति स्थापना उत्सव के अंतर्गत वीरवार को आयोजित भव्य भजन संध्या ने श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। सुप्रसिद्ध भजन गायक अश्वनी वर्मा (लुधियाना) ने बाबा बालक नाथ के मनमोहक भजनों की ऐसी सुरमयी प्रस्तुति दी कि पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
भजन संध्या के दौरान जब अश्वनी वर्मा ने “पोणाहारी पतण ते आया; इक वारी गुफा विचो बोल”; “मुड़िआ जोगिआ वे; मारी तेरे आ गमां दी” तथा “मेरा बाबा बड़ा दलेर, मैं क्यूँ डोला” जैसे लोकप्रिय और भावपूर्ण भजनों का गायन किया, तो श्रद्धालु भाव-विभोर होकर बाबा की भक्ति में झूम उठे। भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया और भक्तजन नृत्य व जयकारों के साथ बाबा की महिमा का गुणगान करते नजर आए।
उत्सव के अंतर्गत प्रातःकाल मंदिर परिसर में धूना पूजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं सायंकालीन भजन संध्या से पूर्व परंपरानुसार ज्योति प्रचंड कर धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया गया।
मंदिर प्रबंधन समिति ने बताया कि यह पावन धार्मिक आयोजन 7 जून तक विभिन्न आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा।























