
हरियाणा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में तीन वर्षों में मेरिट के आधार पर छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिए जाएंगे। अपने जिले के मेधावियों को सीएम मनोहर लाल खट्टर तीन जुलाई को पंचकुला के सेक्टर-6 स्थित रेड बिशॉप में 11 बजे सम्मानित करेंगे। निदेशालय की ओर से डीसी व डीईओ को पत्र जारी कर 2016, 2017 व 2018 के मेधावियों की सूची भेजकर अपने स्तर पर उन्हें कार्यक्रम के बारे में अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर विभागीय अधिकारियों ने कार्यक्रम में भेजने के लिए तीन नाम फाइनल किए हैं, जो बीते तीन वर्षों में जिला में टॉपर रहे। इनमें 479 अंक (94.6) लेने वाले शिवालिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कलावड़ से आकाश, 466 (93.2) अंक लेने वाले स्टार-वे हाई स्कूल के तुषार व न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल चांदपुर की आंचल शामिल हैं। जिला अम्बाला, कुरुरूक्षेत्र, यमुनानगर व पंचकूला में 3 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा पंचकूला में कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए जाएंगे। जबकि अन्य जिलों में भी डीसी जिलास्तर पर कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लैपटॉप देंगे। विभाग के महानिदेशक की ओर से सभी जिला उपायुक्तों व जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर अपने-अपने जिलों से समयावधि से पूर्व विद्यार्थियों की सूची उपलब्ध करवाने के आदेश दिए गए हैं। महानिदेशक ने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि वर्ष 2017-2018 व 2018-19 की सूची में छात्र-छात्राओं के नंबर अंकित किए गए हैं। इन छात्र-छात्राओं से दूरभाष के माध्यम से तथा सूची में अंकित जिस विद्यालय से दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की गई है, उन विद्यालयों से छात्रों का स्थाई पता जानते हुए सूचित करें। यहां तक की वर्ष 2016-2017 के पात्र छात्र-छात्राओं के मोबाइल नंबर न होने का प्रश्न है, उन छात्र-छात्राओं को सूचित करने बारे मेरिट सूची में अंकित विद्यालय के माध्यम से स्थाई पता जानते हुए सूचित करें।
पत्र में स्पष्ट न होने से बनी उलझन:
पत्र में स्पष्ट नहीं है कि सूची में सरकारी या निजी अथवा दोनों तरह के स्कूलों के मेधावियों को शामिल किया जाना है। इसके अलावा यह भी क्लियर नहीं है कि सिर्फ जिला टॉपर या फिर मेरिट में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को सूची में शामिल किया जाए। हालांकि जिले से अधिकारी तीन नाम फाइनल कर चुके है, लेकिन इन सवालों पर उलझन बनी हुई है।
वर्जन
विभाग से जारी सूची में ब्लॉक के दो स्कूलों के मेधावियों के नाम हैं, जिनके स्कूलों में कार्यक्रम बारे सूचना दे दी गई है।
जयसिंह जुल्का, बीईओ, जगाधरी।



















