Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

सेक्टर-40 की सरकारी डिस्पेंसरी के विस्तार एवं आधुनिकीकरण की मांग को लेकर पार्षद गुरबक्श रावत ने प्रशासक से की मुलाकात

0
6

चण्डीगढ़ : वार्ड-27 की पार्षद गुरबक्श रावत ने आज सेक्टर-40 के निवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से यू.टी. सचिवालय, सेक्टर-9 में मुलाकात कर सेक्टर-40 स्थित सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र (डिस्पेंसरी) के विस्तार, नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में श्रीमती रावत के साथ वी.एन. शर्मा, तरसेम शर्मा तथा गोपाल कृष्ण मेहता भी शामिल रहे।

गुरबक्श रावत ने प्रशासक को बताया कि वह पिछले काफी समय से संबंधित अधिकारियों के समक्ष डिस्पेंसरी के विस्तार एवं आधुनिकीकरण की मांग लगातार उठाती रही हैं। प्रत्येक बार अधिकारियों द्वारा यह आश्वासन दिया जाता रहा कि यह कार्य विभाग के एजेंडे में है अथवा बजट स्वीकृति की प्रक्रिया में है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई धरातल पर दिखाई नहीं दी। इसी कारण आज वार्डवासियों की ओर से यह प्रतिनिधिमंडल प्रशासक महोदय से मिलने पहुँचा।

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने मौके पर ही डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज, श्रीमती सुमन सिंह तथा चीफ इंजीनियर  सी.बी. ओझा को निर्देश दिए कि इस कार्य की रूपरेखा शीघ्र तैयार कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की जाए, ताकि डिस्पेंसरी का विस्तार एवं आधुनिकीकरण जल्द से जल्द किया जा सके।

बैठक के दौरान गुरबक्श रावत ने प्रशासक महोदय से स्वयं सेक्टर-40 स्थित डिस्पेंसरी का दौरा करने का आग्रह भी किया, ताकि वे वहां की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर सकें। इस पर प्रशासक ने आश्वासन दिया कि वह अपने आगामी दौरों में सेक्टर-40 डिस्पेंसरी का औचक निरीक्षण करेंगे, जिससे वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यकताओं का स्वयं आकलन किया जा सके।

इस अवसर पर वी.एन. शर्मा ने कहा कि सेक्टर-40 के अनेक वरिष्ठ नागरिक अपनी चिकित्सा के लिए इसी स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर हैं। तरसेम शर्मा ने कहा कि डिस्पेंसरी का विस्तार तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता समय की आवश्यकता है। वहीं गोपाल कृष्ण मेहता ने बताया कि यह डिस्पेंसरी लगभग वर्ष 1980 में बनी थी और अब इसका विस्तार तथा बेहतर बुनियादी ढांचे का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है।

प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों ने प्रशासक महोदय का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनके हस्तक्षेप से सेक्टर-40 एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को शीघ्र ही बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।