आज सेक्टर 38 वेस्ट में दूषित पानी की समस्या के समाधान हेतु स्थानीय पार्षद गुरबक्श रावत के आवाहन पर नगर निगम चंडीगढ़ के पब्लिक हेल्थ विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर श्री धर्मेंद्र शर्मा जी मौके पर पहुँचे। उनके साथ वाटर सप्लाई एवं सीवरेज विभाग से संबंधित अधिकारियों की पूरी टीम भी उपस्थित रही।
मौके पर पार्षद गुरबक्श रावत ने सुपरिटेंडेंट इंजीनियर को अवगत करवाया कि सेक्टर 38 वेस्ट के कई घरों में काफी समय से गंदा पानी आ रहा है, जिससे क्षेत्रवासी परेशान हैं। नगर निगम की टीम लगातार समस्या के मूल कारण का पता लगाने में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ पाया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुपरिटेंडेंट इंजीनियर श्री धर्मेंद्र शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तुरंत सभी आवश्यक मशीनरी एवं संसाधन लगाकर युद्धस्तर पर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। श्री धर्मेंद्र शर्मा ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सेक्टरवासियों को इस समस्या से पूर्ण राहत दिलाई जाएगी।




























