
- स्वास्थ्य मंत्री बोले- बिना लक्षणाें वाले मरीजों ने बढ़ाई चिंता
- जालंधर में स्टूडेंट ने एएसआई को 300 मी. घसीटा
दैनिक भास्कर
May 03, 2020, 07:33 AM IST
पानीपत. हरियाणा में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। 24 घंटे में 28 नए मरीज सामने आने के साथ ही अम्बाला में कोरोना पीड़ित महिला की मौत हो गई है। उसका चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चल रहा था। उसे किडनी की भी बीमारी थी। राज्य में कोरोना से यह पांचवीं और अम्बाला में दूसरी मौत है। शनिवार को आए नए केसों में पानीपत से 10, झज्जर-गुड़गांव से छह- छह, फतेहाबाद से चार और यमुनानगर, सोनीपत में एक-एक केस मिला है। नूंह से एक मरीज ठीक भी हुआ है। अब प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 393 हो चुकी है। 242 ठीक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि राज्य में बिना लक्षणों वाले मरीजों ने चिंता बढ़ा दी है। अब रैपिड टेस्टिंग ज्यादा बढ़ाई जाएगी। कोरोना के लक्षणरहित होने के बाद अब लोगों को खुद जांच के लिए आगे आना होगा। यदि किसी को दिक्कत महसूस होती है तो वह डॉक्टर को अवश्य दिखाए। इसके अलावा किसी व्यक्ति को कोरोना जैसे लक्षण लगे तो वह खुद ही अस्पताल पहुंचे। बता दें कि पानीपत और झज्जर में ऐसे कई मरीज मिले हैं, जिनमें कोरोना के लक्षण नहीं थे, लेकिन जब संदिग्ध मानते हुए जांच की गई तो वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
पांच केस नांदेड़ साहिब तो पांच ही सब्जी मंडी से जुड़े
पानीपत: सभी 10 केस बिना लक्षण वाले
एक ही दिन में कोरोना के 10 पाॅजिटिव केस सामने आए। चार केस संक्रमित के रिश्तेदार हैं, 6 केस अलग-अलग जगहों से हैं। इनमें से किसी में कोरोना का लक्षण नहीं पाया गया था।
बहादुरगढ़: 6 में से 5 केस सब्जीमंडी से जुड़े
शनिवार को फिर से बहादुरगढ़ के 6 लोग कोरोना पॉजीटिव मिले हैं। इनमें 5 सब्जीमंडी से संबंधित हैं, जबकि एक स्टॉफ नर्स पाॅजिटिव अाई है। वह बहादुरगढ़ की रहने वाली है।
यमुनानगर: मुंबई से लौटा था युवक
महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब से कालिंदी कॉलोनी निवासी युवक 30 अप्रैल को लौटा था। एक मई को उसका कोरोना सैंपल भेजा गया था। प्रशासन ने पूरी कालिंदी कॉलोनी को सील करा दिया है। पॉजिटिव मिले युवक के साथ नांदेड़ से चार लोग और आए थे। उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
रतिया: नांदेड़ से आए 4 श्रद्धालु पॉजिटिव
महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब से 30 अप्रैल को रतिया पहुंचे श्रद्धालुअों में से 4 पॉजिटिव मिले हैं। सीएमअो डॉ. भरत कुमार ने बताया कि पॉजिटिव मिले लोगों को हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।



















