
टांडा पुलिस ने गांव रड़ा में धार्मिक स्थान तोड़ने के आरोप में 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयानों में वाल्मीकि सभा गांव रड़ा के प्रधान गुलजार सिंह ने बताया कि गांव के बीच सुखविंदर सिंह के घर के सामने गली की दीवार के साथ एक बड़ा पुराना थड़ा बनाया हुआ है। जहां धार्मिक फोटो पर झंडा लगाया
गया है। गांव के लोगों की आस्था इस स्थान के साथ जुड़ी है लेकिन 14 मार्च को शाम चार बजे सुखचैन सिंह, जसपाल सिंह और हरपाल सिंह ने यह धार्मिक स्थान तोड़ दिया और झंडा भी उखाड़ फेंका। जब गांव वासियों को इसके बारे में पता चला तो गांव वासी इकट्ठा हो गए। इसके बाद तीनों
अारोपी फरार हो गए। गांव के गणमान्य लोग उक्त तीनों के घर बातचीत करने के लिए पहुंचे तो सुखचैन सिंह, जसपाल सिंह और हरपाल सिंह ने गांव वासियों के साथ गालीगलौज किया। टांडा पुलिस ने गुलजार सिंह के बयानों के आधार पर सुखचैन सिंह, जसपाल सिंह और हरपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।



















