चंडीगढ़,सुनीता शास्त्री। गांधी स्मारक भवन चंडीगढ़ के निदेशक देवराज त्यागी ने बताया कि गांधी स्मारक निधि पंजाब, हरियाणा व हिमाचल के नवनिर्वाचित सचिव श्री आनन्द कुमार शरण ने चंडीगढ़ स्थित गांधी स्मारक भवन सैक्टर 16 का दौरा किया। सर्वप्रथम उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजली अर्पित करके राष्ट्रपिता को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये। भवन के कार्यकर्ताओं एवं चंडीगढक़े बुद्धिजीवी वर्ग ने शॉल डालकर उनका स्वागत किया। इससे पूर्व त्यागी जी ने आनन्द कुमार शरण का परिचय देेते हुं बताया कि वे जन्म से ही खादीधारी हैं। गांधी/खादी के अतिरिक्त अनेकों समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वे हरियाणा प्रदेश खादी ग्रामोद्योग संस्था संघ के सचिव तथा राष्ट्रीय खादी एवं ग्रामोद्योग फेडरेशन के अध्यक्ष भी हैं। आनन्द कुमार शरण ने गांधी पुस्तकालय, गांधी संग्रहालय एवं प्राकृतिक चिकित्सा इत्यादि सभी गतिविधियों का अवलोकन किया तथा अपना मार्गदर्शन दिया। श्री आनन्द कुमार शरण ने कहा कि गांधी जी के 151वें वर्ष के उपलक्ष्य में गांधी संग्रहालय को देखने के लिये अब कोई शुल्क नहीं लगेगा। बता दें कि पहले दस रूपये प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जाता था। उन्होंने स्कूल, कॉलेजों से अपील की कि अपने संस्थाओं के बच्चों को महात्मा गांधी का जीवन दर्शन को समझने के लियेे यहां भेजें। उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा एवं उनको गांधी जी की फिल्म भी दिखाई जायेगी। बच्चों को फिल्म के द्वारा गांधी जीवन दर्शन को समझने में आसानी होती है। गांधी स्मारक भवन में कुछ अन्य प्रवृत्तियां भी शीघ्र शुरू की जायेंगी जिससे हमारा युवा वर्ग गांधी जी को एवं उनके जीवन दर्शन को भलीभांति समझ सके।




















