
गांव खरकड़ी में जिला पार्षद एवं एडवोकेट ओमप्रकाश श्योराण के खेत में काट कर रखी गई सरसों की फसल में किसी ने आग लगा दी, जिससे फसल जल गई। फसल को आग के हवाले करने के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद खेत मालिक ने हादसे की सूचना अपने खेत मुजारे के हवाले से स्थानीय पुलिस को दी है। शिकायत में गढ़वा गांव के दो युवकों पर संदेह भी जाहिर किया गया है। खेत में काम करने वाले महावीर प्रसाद ने बताया कि मंगलवार शाम वह अपने परिवार सहित खेत में सरसों की कटाई कर रहा था। इस दौरान गढ़वा गांव के दो युवक उसके खेत के आसपास घूम रहे थे। आरोप है कि उसे उन्होंने टोका तो युवकों ने उसके साथ बदतमीजी भी की। बाद में वह अपने घर चला गया और बुधवार की सुबह खेत आया तो एकत्रित की गई सरसों में आग देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी सूचना खेत मालिक ओमप्रकाश श्योराण को दी और इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंचा। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।



















