- हमजा की मौत किस जगह और किस दिन हुई, अधिकारियों ने यह जानकारी नहीं दी
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी हमजा की मौत की पुष्टि नहीं की
- 2 मई 2011 को पाकिस्तान के एबटाबाद में अमेरिका के नेवी सील कमांडो ने ओसामा को मारा था
Dainik Bhaskar
Aug 01, 2019, 08:20 AM IST
वॉशिंगटन. अल कायदा सरगना रहे ओसामा बिन लादेन का बेटा हमजा की मौत हो गई है। यूएस मीडिया ने अमेरिका के वर्तमान पदस्थ अधिकारियों के हवाले से यह दावा किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तीन अधिकारियों ने हमजा की मौत की पुष्टि की। हमजा की मौत किस जगह और किस दिन हुई, अधिकारियों ने यह जानकारी नहीं दी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी हमजा की मौत की पुष्टि नहीं की। ओवल ऑफिस में रिपोर्टर्स के सवालों पर ट्रम्प ने कहा, ‘‘मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।’’ न्यूयॉर्क टाइम्स ने दो अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से हमजा की मौत का दावा किया। टाइम्स ने लिखा कि अमेरिका के एक ऑपरेशन के दौरान हमजा मारा गया। यह सब पिछले दो साल के दौरान हुआ।
अमेरिका ने हमजा पर इनाम घोषित किया था
इसी साल मार्च में अमेरिका ने हमजा का पता बताने वाले को 10 लाख डॉलर (करीब 7.1 करोड़ रु.) का इनाम देने का ऐलान किया था। अमेरिका ने कहा था कि हमजा पिता की मौत का बदला लेने के लिए उस पर और उसके सहयोगी देशों पर हमले की साजिश रच रहा है। इसी महीने में सऊदी अरब ने भी हमजा की नागरिकता रद्द कर दी थी।
हमजा ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले के आरोपी की बेटी से शादी की
हमजा बिन लादेन ने 9 सितंबर 2001 को अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में शामिल आतंकी मुहम्मद अता की बेटी से शादी की थी। अता विमान को हाईजैक करने वाले आतंकियों का चीफ था। ओसामा के सौतेले भाइयों अहमद और हसन ने ब्रिटिश अखबार द गार्जियन से बात करते हुए शादी की पुष्टि की थी।




















