
- वर्ल्ड कप खेल रहीं 10 में से 5 टीमों इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, द. अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और पाक में विदेशी मूल के खिलाड़ी
- इंग्लैंड के कप्तान इयॉन मॉर्गन ने आयरलैंड की तरफ से खेलते हुए वनडे में डेब्यू किया था
- द. अफ्रीकी खिलाड़ी इमरान ताहिर पाकिस्तान में अंडर-19 टूर्नामेंट खेल चुके हैं
- न्यूजीलैंड की टीम में शामिल ईश सोढ़ी पंजाब के लुधियाना में जन्मे थे
Dainik Bhaskar
Jun 26, 2019, 08:35 AM IST
नई दिल्ली. वर्ल्ड कप खेल रहीं 10 में से 5 टीमें ऐसी हैं, जिनमें कम से कम एक खिलाड़ी का जन्म दूसरे देश में हुआ है। इंग्लैंड ऐसी टीम है जिसके 15 में से 7 यानी 46% खिलाड़ियों का जन्म दूसरे देश में हुआ या फिर वे पहले किसी और देश से खेल चुके हैं। इंग्लैंड के कप्तान इयॉन मॉर्गन खुद आयरलैंड के हैं। वे आयरलैंड की टीम से वनडे खेल चुके हैं।
इंग्लैंड के अलावा न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में भी विदेशी मूल के खिलाड़ी खेल रहे हैं। विदेशी मूल के खिलाड़ियों का टीमों में खेल पाना आईसीसी के नियमों के तहत संभव है। आईसीसी के नियम 2.1.3 के मुताबिक, अगर कोई खिलाड़ी दूसरे देश की टीम से खेलना चाहता है तो उसे संबंधित देश में कम से कम 3 साल रहना होगा।
सबसे ज्यादा पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी दूसरे देश से खेल रहे
वर्ल्ड कप की टीम में सबसे ज्यादा 4 खिलाड़ी ऐसे हैं जो पाकिस्तान मूल के हैं, लेकिन वे दूसरे देश की तरफ से खेल रहे हैं। इनमें आदिल राशिद (इंग्लैंड), इमरान ताहिर (दक्षिण अफ्रीका), उस्मान ख्वाजा (ऑस्ट्रेलिया) और मोइन अली (इंग्लैंड) शामिल हैं। भारतीय मूल के दो खिलाड़ी- हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका) और ईश सोढ़ी (न्यूजीलैंड) खेल रहे हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी मूल के तीन खिलाड़ी- जेसन रॉय (इंग्लैंड), टॉम कुरेन (इंग्लैंड) और कॉलिन मुनरो (न्यूजीलैंड) हैं। इनके अलावा न्यूजीलैंड, वेल्स, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, बारबाडोस मूल के 1-1 खिलाड़ी दूसरे देश की टीम से खेल रहे हैं।
इंग्लैंड की टीम में मोइन अली और आदिल राशिद पाकिस्तानी मूल के
1) इयॉन मॉर्गन (डबलिन, आयरलैंड)
इयॉन ने आयरलैंड की तरफ से खेलते हुए 5 अगस्त 2006 को स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच से वनडे में डेब्यू किया था। आयरलैंड से डेब्यू के तीन साल बाद यानी 2009 के टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में उन्हें इंग्लैंड टीम में जगह मिली और तब से ही मॉर्गन इंग्लैंड के लिए खेल रहे हैं।
आयरलैंड के खिलाफ मैच खेले : 5
रन बनाए : 269
2) जोफ्रा आर्चर (बारबाडोस)
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज में शामिल जोफ्रा आर्चर का जन्म बारबाडोस में हुआ था। उन्होंने वेस्टइंडीज की तरफ से अंडर-19 क्रिकेट खेला है। जोफ्रा ने 2016 में पहली बार फर्स्ट क्लास क्रिकेट में इंग्लैंड की ससेक्स टीम से पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेला। तीन साल बाद 3 मई 2019 को उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की तरफ से खेलते हुए वनडे में डेब्यू किया। इसके बाद 5 मई को उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए टी20 में डेब्यू किया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच खेला : 1
विकेट लिए : 3
3) टॉम कुरेन (केपटाउन, दक्षिण अफ्रीका)
टॉम कुरेन जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर केविन कुरेन के बेटे हैं, लेकिन उन्होंने अपने करियर की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका से की। उन्होंने द. अफ्रीका के लिए घरेलू क्रिकेट में अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 खेला है। 2017 में उन्होंने इंग्लैंड की तरफ से खेलते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया। इसके बाद जून 2017 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए मैच से टी20 में डेब्यू किया और दिसंबर 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलकर टेस्ट में डेब्यू किया।
4) मोइन अली (मीरपुर, पीओके)
इंग्लैंड के स्पिनर मोइन अली पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी हैं। हालांकि, उनके दादा मीरपुर से बर्मिंघम आ गए थे और मोइन का जन्म भी यहीं हुआ। मोइन अली ने अपने क्रिकेट की शुरुआत भी इंग्लैंड से ही की।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेले : 14
रन बनाए : 155
विकेट लिए : 13
5) आदिल राशिद (मीरपुर, पीओके)
मोइन अली की तरह आदिल राशिद भी पाकिस्तानी मूल के हैं। उनका परिवार 1967 में मीरपुर से इंग्लैंड के ब्रैडफोर्ड आ गया था।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेले : 14
रन बनाए : 31
विकेट लिए : 16
6) जेसन रॉय (डरबन, दक्षिण अफ्रीका)
दक्षिण अफ्रीका में जन्मे जेसन रॉय जब 10 साल के थे, तब उनका परिवार इंग्लैंड आ गया था। उन्होंने यहीं से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला। जेसन रॉय ने इंग्लैंड की तरफ से पहला वनडे मई 2015 में खेला था।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच खेले : 9
रन बनाए : 163
7) बेन स्टोक्स (क्राइस्टचर्च, न्यूजीलैंड)
न्यूजीलैंड में जन्मे बेन स्टोक्स जब 12 साल के थे, तब इंग्लैंड आ गए थे। यहीं उन्होंने स्थानीय टीम के साथ क्लब क्रिकेट खेलना शुरू किया। उन्होंने अगस्त 2011 को वनडे में डेब्यू किया था।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेले : 11
रन बनाए : 331
विकेट लिए : 15
न्यूजीलैंड की टीम में ईश सोढ़ी भारतीय मूल के, कॉलिन मुनरो दक्षिण अफ्रीका से
1) कॉलिन डीग्रैंडहोम (जिम्बाब्वे)
कॉलिन डीग्रैंडहोम ने 2004 का अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जिम्बाब्वे की तरफ से ही खेला था, लेकिन 2006 में वे न्यूजीलैंड में घरेलू क्रिकेट खेलने लगे। कुछ समय उन्होंने इंग्लैंड में भी घरेलू क्रिकेट खेला। फरवरी 2012 में उन्होंने न्यूजीलैंड की तरफ से जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में डेब्यू किया। इसके बाद मार्च 2012 में वनडे और नवंबर 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू किया।
2) कॉलिन मुनरो (डरबन, दक्षिण अफ्रीका)
मुनरो ने प्राइमरी स्कूल की पढ़ाई दक्षिण अफ्रीका में ही की, लेकिन बाद में उनका परिवार न्यूजीलैंड आ गया। मुनरो ने 2006 का अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप न्यूजीलैंड की तरफ से ही खेला था। उन्होंने दिसंबर 2012 में टी20 में डेब्यू किया। इसके बाद जनवरी 2013 में ही उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे और टेस्ट में डेब्यू किया।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले मैच : 6
रन बनाए : 143
विकेट लिए : 0
3) ईश सोढ़ी (लुधियाना, भारत)
भारतीय मूल के ईश सोढ़ी का जन्म 31 अक्टूबर 1992 को पंजाब के लुधियाना में हुआ था। जब वे 4 साल के थे तब उनका परिवार न्यूजीलैंड के दक्षिणी ऑकलैंड आ गया। सोढ़ी ने अक्टूबर 2013 में टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद जुलाई 2014 में टी20 और अगस्त 2015 में वनडे में डेब्यू किया था। सोढ़ी न्यूजीलैंड के लिए अब तक 30 वनडे मैच खेल चुके हैं।
भारत के खिलाफ खेले मैच : 5
रन बनाए : 13
विकेट लिए : 4
दक्षिण अफ्रीका की टीम में हाशिम अमला गुजराती, इमरान पाक में अंडर-19 खेल चुके
1) हाशिम अमला (डरबन, दक्षिण अफ्रीका)
ओपनर और आक्रामक बल्लेबाज हाशिम अमला का जन्म तो दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर में हुआ था, लेकिन उनका संबंध गुजरात से है। अमला के दादा गुजरात से दक्षिण अफ्रीका शिफ्ट हो गए थे। उन्होंने नवंबर 2004 में भारत के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू किया था। इसके बाद मार्च 2008 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में और जनवरी 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 में डेब्यू किया।
भारत के खिलाफ खेले मैच : 26
रन बनाए : 938
2) इमरान ताहिर (लाहौर, पाकिस्तान)
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के लाहौर में जन्मे इमरान ताहिर ने पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम से अपने करियर की शुरुआत की। कुछ समय इंग्लैंड में भी घरेलू क्रिकेट खेला। इसके बाद वे दक्षिण अफ्रीका आ गए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की तरफ से पहला वनडे फरवरी 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला। इसके बाद नवंबर 2011 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट और अगस्त 2013 में श्रीलंका के खिलाफ टी20 में डेब्यू किया।
पाकिस्तान के खिलाफ खेले मैच : 13
रन बनाए : 10
विकेट लिए : 17
पाकिस्तान की टीम में एक ही खिलाड़ी, जिसका जन्म विदेश में हुआ
इमाद का जन्म वेल्स में हुआ। उनके पिता यूनाइटेड किंगडम (यूके) में बतौर इंजीनियर काम करते थे। इमाद जब छोटे थे, तभी उनका परिवार पाकिस्तान आ गया। उन्होंने यहीं से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की। इमाद पाकिस्तान के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका जन्म विदेश में हुआ था। उन्होंने मई 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 और जुलाई 2015 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था।
इंग्लैंड के खिलाफ खेले मैच : 10
रन बनाए : 220
विकेट लिए : 10
ऑस्ट्रेलिया की टीम में उस्मान ख्वाजा पाक मूल के इकलौते खिलाड़ी
उस्मान ख्वाजा का जन्म पाकिस्तान के इस्लामाबाद में हुआ था, लेकिन जब वे 5 साल के थे, तब उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया के साउथ वेल्स आ गया। उस्मान पहले पाकिस्तानी हैं जो ऑस्ट्रेलिया की टीम से खेलते हैं। उन्होंने जनवरी 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू किया था। इसके बाद जनवरी 2013 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे और जनवरी 2016 में भारत के खिलाफ टी20 में डेब्यू किया।
पाकिस्तान के खिलाफ खेले मैच : 9
रन बनाए : 346




















