Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने आसमान छूती महंगाई एवं बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के ‘जन जागरण अभियान’ के अंतर्गत गुरुग्राम के बादशाहपुर की बाल्मीकि चौपाल पर आयोजित पदयात्रा में शिरकत की।

0
238

चंडीगढ़, 18 नवंबर

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने आसमान छूती महंगाई एवं बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के ‘जन जागरण अभियान’ के अंतर्गत गुरुग्राम के बादशाहपुर की बाल्मीकि चौपाल पर आयोजित पदयात्रा में शिरकत की।

इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि आज जनता गरीबी, बेरोजगारी, महँगाई और भाजपा की गलत नीतियों की मार झेल रही है। इसी वजह से हमने देश भर में हमारी नेता श्रीमती सोनिया गांधी जी और श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में इस ‘जन जागरण अभियान’ की शुरुआत की है। जिसका उद्देश्य बड़ी-बड़ी सभाएं करना नहीं, बल्कि लोगों से मिलकर उनसे बात करके उन्हें जागरूक बनाना है। मौजूदा सरकार के खिलाफ कुछ ऐसे संगीन मुद्दे हैं,  जिनसे लोगों को कांग्रेस पार्टी रूबरू कराएगी क्योंकि कांग्रेस पार्टी हमेशा से एक जन आंदोलन रही है। कांग्रेस पार्टी लोगों की विचारधारा की पार्टी है।

कुमारी सैलजा ने देश की स्वाधीनता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी ने, कांग्रेस पार्टी ने और देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने इस देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हैं। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी ने देश को संविधान दिया जिससे सभी को समान अधिकार मिले। जिसकी वजह से आज गरीब से गरीब व्यक्ति के वोट की कीमत भी धनाढ्य लोगों के वोट के बराबर है। ये आज़ादी आसानी से नहीं आयी है। लेकिन भाजपा की विचारधारा मानने वाले लोग आज हमारी आज़ादी पर, हमारे नेताओं पर सवाल उठाते हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने न कभी देश के लिए लड़ाई लड़ी न देश के लिए जेल गए। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी इस विचारधारा के लोग अंग्रेजी हुकूमत के साथ थे। भारत छोड़ो आंदोलन के समय भी इस विचारधारा के लोगों ने अंग्रेजों को कांग्रेस पार्टी और उसके लोगों पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी। लेकिन ये लोग कितनी भी कोशिश क्यों न कर लें इतिहास बदला नहीं जा सकता। इस देश के हर वर्ग ने आज़ादी के लिए जो कुर्बानी दी है उसे बदला नहीं जा सकता।

वर्तमान प्रसंग से जोड़ते हुए कुमारी सैलजा ने बोला कि “जब-जब देश में जन विरोधी नीतियाँ आती हैं। इस तरह के आंदोलन पैदा होते रहते हैं। आज के दौर में केंद्र और राज्य की सरकार सत्ता के नशे में चूर है। ये लोग आम आदमी का दर्द भूल चुके हैं। भाजपा सरकार गरीब आदमी की सुनना ही नहीं चाहती। हर चुनाव के लिए इनके पास नए-नए जुमले मौजूद होते हैं। भाजपा धर्म, जाति, क्षेत्र जैसी बातें करके आम जनता को बहकाने का काम करती है और लोगों के बीच बंटवारा करती है। भाजपा न तो विकास की बात करती है न ही लोगों के दर्द की।

बढ़ती हुई महंगाई पर तीखा प्रहार करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि ये बढ़ती हुई महंगाई लोगों पर अत्याचार नहीं तो और क्या है। भाजपा गरीब आदमी की जेब पर डाका डाल रही है। यूपीए की सरकार ने कच्चे तेल की कीमत ज़्यादा होने के बाद भी पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने नहीं दीं। लेकिन भाजपा की सरकार में कच्चे तेल की कीमत कम होने के बाद भी पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। मुझे कुछ महिलाओं ने बताया कि जिस तरह से सिलेंडर के दामों में वृद्धि हुई है, उस हिसाब से आज की तारीख में आम आदमी के लिए सिलेंडर भरवाना बहुत मुश्किल हो चुका है। भाजपा सरकार ने पिछले सात सालों में पेट्रोल कंपनियों के माध्यम से जो 23 लाख करोड़ का मुनाफा कमाया है। उसका उनके पास कोई हिसाब नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था चरमरा रही है। यूपीए सरकार ने 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा के ऊपर उठाया था। लेकिन आज भाजपा के कार्यकाल में 24 करोड़ लोग फिर से गरीबी रेखा के नीचे आ गए हैं और तो और मौजूदा सरकार ने गरीबी रेखा के कार्ड बनाना भी बंद कर दिए हैं।

कुछ महिलाओं से हुए संवाद को व्यक्त करते हुए कुमारी सैलजा ने बताया कि मेरी माताएं-बहने आज के दौर में ‘आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया’ जैसी शब्दावली उपयोग करने पर मजबूर हो गई हैं।

सम्बोधन के दौरान कुमारी सैलजा ने कोरोना के दौरान हुए 14 करोड़ बेरोज़गार लोगों की बात कही। उन्होंने कहा कि नई नौकरियों की बदहाली, उद्योगों का पलायन ही भाजपा सरकार की सच्चाई दिखाता है। राजनीति के उतार-चढ़ाव से कांग्रेस पार्टी कभी प्रभावित नहीं हुई है। श्रीमती सोनिया गांधी जी, श्री राहुल गांधी जी, श्रीमती प्रियंका गांधी जी और समस्त कांग्रेस पार्टी लोगों की आवाज़ उठाने का काम करती है और इस बात पर हमें गर्व है। भाजपा सरकार घोटालों की सरकार है। नोटबन्दी के बाद से आज तक हमारी अर्थव्यवस्था ठीक नहीं हो पाई है। यही कारण है कि अपने गलत फैसले छुपाने के लिए भाजपा महंगाई बढ़ाती है, कम्पनियों का फायदा करवाती है और लाखों करोड़ों रुपये आम आदमी की जेब में से डाका डालकर निकाल लेती है। इसलिए इन सभी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने ये जन आंदोलन छेड़ा है ताकि हम सब मिलकर लोगों की आवाज़ को उठाएं और उसे बुलंद करें।

इस दौरान पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, राव कमलवीर सिंह, डॉक्टर शमसुद्दीन, पंकज डाबर, प्रदीप जेलदार, अशोक टांक, लाल सिंह यादव, निर्मल यादव, रेखा यादव, राहुल यादव, हरपाल तिघरा समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।