Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हिसार के कांग्रेस भवन में ध्वजारोहण करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की शहादत को नमन किया। इसके उपरांत कुमारी सैलजा ने कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में भी हिस्सा लिया। जिसमें उन्होंने हरियाणा की गठबंधन सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया।

0
305

चंडीगढ़, 15 अगस्त

कुमारी सैलजा ने ध्वजारोहण कार्यक्रम में शिरकत करते हुए सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1947 में भारत को आजादी मिली थी। स्वतंत्रता दिवस वो दिन है जो हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद दिलाता है। हमारे स्वंतत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण ही आज हम आजाद भारत में सांस ले पा रहे हैं। आज जब हम स्वतंत्रता दिवस बना रहे हैं तो हम उन सभी बहादुर पुरुषों एवं महिलाओं, स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हैं जिन्होंने हमारी आजादी के लिए बलिदान दिया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्र करवाने की लड़ाई लड़ी और अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन छेड़कर देश को आजाद करवाया। महात्मा गांधी जी एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने केवल देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में भारतीय मूल्यों को नई पहचान दी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी आधुनिक भारत के रचयिता थे। 15 अगस्त 1947 को पहली बार आजाद देश में हमारे देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु जी ने अपना भाषण दिया था। उन्होंने देश को एक नई उमंग, एक नई ऊर्जा दी थी। इतने साल, इतने दशक बीत गए, आज हमारे देश,हमारे युवाओं को एक नई ऊर्जा, नई दिशा की जरूरत है। आज ऐसा समय है जब हमारे सामने नई तरह की चुनौतियां हैं। देश की एकता, अखंडता को एक नए सिरे से इकट्ठा रखने की जरूरत है। हमारा संविधान जो हमारी संविधान की कमेटी ने डॉ.भीमराव अंबेडकर जी के नेतृत्व में देश को दिया, उस संविधान की रक्षा करने की जरूरत है। हम सभी लोग देश को इकट्ठा रखने के लिए, देश को आगे ले जाने के लिए फिर से अपनी वचनबद्धता को देश के प्रति समर्पित करें। कांग्रेस पार्टी ने आजादी की लड़ाई लड़ी। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी, हमारे आदरणीय नेता श्री राहुल गांधी जी नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर देश के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अच्छी शिक्षा ग्रहण कर प्रदेश और देश के नवनिर्माण में रचनात्मक भूमिका निभाएं।

इसके उपरांत हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की एक बैठक में भी हिस्सा लिया।
बैठक में कुमारी सैलजा ने कहा कि आज प्रदेश की गठबंधन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है। प्रदेश में दिन-प्रतिदिन भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। नए-नए घोटाले निकल कर सामने आ रहे हैं। हरियाणा सरकार द्वारा लगातार इन घोटालों पर पर्दा डालने और घोटालों के गुनहगारों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वह पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने से भी नहीं चूक रहे हैं। प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है और पूरे देश में यह सर्वोच्च स्तर पर पहुंच चुकी है। इस सरकार के नाकारापन के कारण प्रदेश का युवा दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। सरकारी नौकरी की भर्तियों को साजिशन लटकाया जा रहा है और रद्द किया जा रहा है। अपनी रोजी रोटी के लिए आंदोलनरत जेबीटी शिक्षकों की यह सरकार कोई सुध नहीं ले रही है। किसानों के साथ लगातार केंद्र और प्रदेश की सरकार द्वारा विश्वासघात किया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन अध्यादेश इसके ताजा उदाहरण हैं। इन अध्यादेशों द्वारा किसानों को बर्बाद करने का नया अध्याय लिखा जा रहा है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश वासियों के साथ खड़ी है। आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस विधायकों द्वारा इस सरकार में अंजाम दिए गए घोटालों और जनहित के मुद्दों को जोरशोर से उठाया जाएगा। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी द्वारा राज्यपाल से मिलकर इस सरकार में हो रहे घोटालों की जांच हाईकोर्ट के सीटिंग जज से करवाने की मांग भी की जाएगी।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सांसद प. रामजीलाल, प्रदेश महासचिव डॉ अजय चौधरी, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग, हरियाणा लोक सेवा कमीशन के पूर्व सदस्य जगन्नाथ, लीगल सेल चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल, टैक्स ट्रिब्यूनल के पूर्व सदस्य एडवोकेट हरपाल बुरा, बरवाला पूर्व प्रत्याशी भूपेन्द्र गंगवा, उकलाना पूर्व प्रत्याशी श्रीमति बाला देवी, हिसार पूर्व प्रत्याशी राम निवास राड़ा, प्रदेश प्रवक्ता अशवनी शर्मा, वरिष्ट कांग्रेस नेता धर्मवीर गोयत, पूर्व चेयरमैन जिला परिषद राजेन्द्र सुरा, प्रवक्ता मुकेश सैनी, जिला परिषद रमेश श्योराण, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण सतरोड़़, युवा कांग्रेस जिला प्रधान आनंद जाखड़, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सनहेलता शहरावत, महिला कांग्रेस प्रदेश उपप्रधान एडवोकेट कमल शहरावत, गीता सिहाग, राजबाला शर्मा, केश कला बोर्ड पूर्व चेयरमैन योगेंद्र योगी, हरिकृष्ण प्रभुवाला, पार्षद प्रतिनिधी वार्ड नं0 20 सुशील शर्मा, जिन्दल हाऊस प्रतिनिधी ललित शर्मा, हरपाल सेलवाल, विक्वट डेविड सहित अन्य मौजूद रहे।