Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

शादी कर विदेश चले गए हरियाणा-पंजाब-चंडीगढ़ के 40 हजार दूल्हे नहीं लौट रहे स्वदेश

0
116

  • अब राजीनामे का पत्र दिखा कह रहे- पत्नी-बच्चों ने माफ कर दिया, साथ ले जाएंगे
  • चंडीगढ़ रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने एनआरआई दूल्हों की जानकारी एयरपोर्ट व विभिन्न देशों को कार्रवाई के लिए भेजी

Dainik Bhaskar

Jul 31, 2019, 07:13 AM IST

पानीपत ( सुशील भार्गव ). शादी के बाद विदेश चले गए कुछ दूल्हे समय के साथ बदल गए। ऐसे एनआरआई दूल्हे हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ के करीब 40 हजार हैं। विदेश से नहीं लौट रहे दूल्हों पर ससुराल पक्ष की ओर से संबंधित थानों या पासपोर्ट ऑफिस में शिकायतें की गईं। पासपोर्ट ऑफिस ने 350 एनआरआई दूल्हों के पासपोर्ट इंपाउंड कर दिए। साथ ही कार्रवाई के लिए विभिन्न देशों की सरकारों को लिखा गया। इस सख्ती के कारण 52 एनआरआई दूल्हे स्वदेश लौट आए और सेटलमेंट कर चुके हैं। वहीं, 12 दूल्हों को विभिन्न एयरपोर्ट पर लैंडिंग करते ही गिरफ्तार कर लिया। अभी 80 शिकायतें पेंडिंग हैं। 4-5 एनआरआई दूल्हे रोज चंडीगढ़ स्थित रीजनल पासपोर्ट सेंटर में समझौता पत्र लेकर पहुंच रहे हैं। वे कह रहे हैं कि पत्नी-बच्चों या परिजनों ने माफ कर दिया है। राजीनामा हो गया है। उन्हें साथ लेकर जाएंगे। हालांकि, जब तक कानूनी अड़चन दूर नहीं हो जाती, ये विदेश नहीं जा पाएंगे। 

शादी के बाद स्टडी वीजा पर गए, पत्नी के गहने तक ले गए, अब लौटना तो दूर, कॉल भी रिसीव नहीं कर रहे

पिछले कई सालों में हरियाणा से काफी संख्या में युवा इटली, जर्मनी, आॅस्ट्रेलिया व कनाडा स्टडी वीजा पर गए। इससे ठीक पहले ये शादी कर चुके थे। दुल्हन जो गहने या राशि आदि साथ लाई, उसे भी साथ ले गए। 4-5 माह में लौटकर आए और फिर चले गए। बाद में वापस आने का नाम नहीं लिया। कई केसों में विदेश में फंसे होने का नाटक रचा और ससुराल से और राशि मंगवा ली। कईयों ने विदेश में दूसरी शादी कर ली और इससे पीआर लग गई। कुछ एनआरआई दूल्हों ने पत्नियों या बच्चों की कॉल रिसीव करना तक बंद कर दी हैं। ऐसे 70 दूल्हों के पासपोर्ट रद्द कर दिए गए। इन पर न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी कार्रवाई हुई है। अब ऐसे सभी दूल्हों की पूरी रिपोर्ट व जानकारी तैयार की जा रही है। इनकी विदेश में पहले तो नौकरी जाएगी, फिर वहां से इन्हें भारत भेजा जाएगा। भारत में किसी भी एयरपोर्ट पर आते ही पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

अब पासपोर्ट कैंसिल होने के साथ पुलिस कार्रवाई होने लगी और नौकरी जाने लगी

चंडीगढ़ स्थित रीजनल पासपोर्ट अधिकारी शिबास कविराज के अनुसार, ऐसे दूल्हों की जानकारी विभिन्न देशों में भेजी गई है। एयरपोर्ट पर इनकी सूचना दे दी है। विदेशों में कइयों को जॉब से निकाल पासपोर्ट जब्त कर लिए। विदेशी सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं। कुछ पर केस दर्ज हुए। कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया। 12 अरेस्ट हुए। यही नहीं, माता-पिता के पासपोर्ट कैंसिल कर दिए हैं, ताकि वे बेटे से मिलने के लिए विदेश न पहुंच जाएं।

सख्ती का असर दिखाते दो मामले

1 विदेशी चकाचौंध ने मार्ग से भटका दिया: पासपोर्ट ऑफिस कार्यालय में पहुंचे एक दूल्हे ने कहा कि वे विदेश गए थे, लेकिन मालूम नहीं था कि लौटकर आना होगा। वे अब अपनी चार साल की बेटी व पत्नी को साथ लेकर विदेश जाएंगे। उन्हें अपने किए पर पछतावा है, विदेशी चकाचौंध ने उन्हें मार्ग से भटका दिया था। अब पत्नी ने भी उन्हें माफ कर दिया है।

2 सर, वो इंडिया आ रहे हैं: पानीपत की एक दूल्हन ने पासपोर्ट ऑफिस में फोन कर बताया है कि जब से विभाग ने शिकंजा कसा है तब से फोन भी आने लगे हैं और उसका पति जल्द ही भारत आ रहा है। वे चाहती हैं कि उन्हें न्याय मिले।