चंडीगढ़, 9 सितंबर 2026
माननीय राज्यपाल, पंजाब एवं प्रशासक, चंडीगढ़ के साथ अपनी बैठक में श्री कौर ने चंडीगढ़ को स्मार्ट एवं ग्रीन सर्टिफाइड सिटी के रूप में विकसित करने के लिए सीआईआई के प्रस्ताव पर जोर दिया। इस पहल को चंडीगढ़ प्रशासन और सीआईआई–इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (IGBC) के सहयोग से आगे बढ़ाने का प्रस्ताव है। इसके तहत अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे का पृथक्करण एवं पुनर्चक्रण, ऊर्जा दक्षता तथा हरित बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक कदम उठाने पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने चंडीगढ़ को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) के केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला, जिसके लिए शहर की कुशल प्रतिभा, जीवन की बेहतर गुणवत्ता और संस्थागत इकोसिस्टम महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं।
सीआईआई ने चंडीगढ़ से आने-जाने के लिए बेहतर हवाई संपर्क की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर और पूरे नॉर्दर्न रीजन में निवेश, GCCs, व्यवसायों और प्रतिभाओं को आकर्षित करने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी भविष्य में और अधिक महत्वपूर्ण होगी।
माननीय मुख्यमंत्री, पंजाब के साथ बैठक में श्री कौऱा ने राज्य के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को मजबूत करने के लिए सीआईआई की प्राथमिकताओं पर चर्चा की। इनमें MSMEs द्वारा प्रौद्योगिकी और AI को अपनाना, कौशल विकास, निवेश, कृषि एवं बागवानी, स्थिरता तथा बुनियादी ढांचा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
पंजाब सरकार ने बागवानी और कृषि क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए सीआईआई के साथ मिलकर काम करने में विशेष रुचि दिखाई। विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों पर ध्यान देने की बात हुई, जिनसे किसानों के लिए अधिक मूल्यवर्धन हो तथा उद्योग के लिए नए अवसर सृजित किए जा सकें। सीआईआई ने पंजाब में एक मल्टी-स्किल ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा और इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार से भूमि एवं आवश्यक बुनियादी ढांचे के सहयोग का अनुरोध किया।
श्री कौऱा ने पीक सीजन के दौरान उद्योग के सामने आने वाली बिजली संबंधी चुनौतियों को भी रेखांकित किया और औद्योगिक विकास के लिए विश्वसनीय एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में उपस्थित पंजाब के मुख्य सचिव ने इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे सकारात्मक कदमों की जानकारी दी और आश्वासन दिया कि उद्योग की आवश्यकताओं और विकास को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे का समाधान किया जाएगा।
स्थिरता और ग्रामीण विकास के संदर्भ में श्री कौर ने सीआईआई फाउंडेशन के प्रयासों को रेखांकित किया, जो वर्तमान में पंजाब के आठ जिलों के 820 से अधिक गांवों के साथ जुड़कर कार्य कर रहा है। सीआईआई ने 50 और गांवों को अपनाने का प्रस्ताव रखा है। माननीय मुख्यमंत्री ने सीआईआई को संगरूर के और अधिक गांवों को इसमें शामिल करने तथा इस तरह की पहलों को राज्यभर में विस्तार देने पर विचार करने का सुझाव दिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान श्री कौऱा ने पंजाब में नए और प्रगतिशील क्षेत्रों में अधिक निवेश आकर्षित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, विशेष रूप से ऐसे क्षेत्र जो राज्य की मौजूदा औद्योगिक क्षमताओं को आगे बढ़ा सकें। उन्होंने पंजाब के डिफेंस और ऑटोमोबाइल इकोसिस्टम में उच्च-मूल्य विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की संभावनाओं का उल्लेख किया। इसमें डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर सकते हैं, जो रक्षा और अन्य अनुप्रयोगों के लिए तेजी से महत्वपूर्ण हो रहे हैं।
प्रौद्योगिकी, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हुए श्री कौऱा ने सैमटेल एवियोनिक्स और जापान की BULL के बीच हाल ही में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MoU) का भी उल्लेख किया। इसके तहत दोनों कंपनियां अंतरिक्ष मलबे (Space Debris) के शमन के लिए समाधान विकसित करने की दिशा में सहयोग की संभावनाओं का पता लगाएंगी। दोनों कंपनियां उत्पाद विकास और जिम्मेदार अंतरिक्ष संचालन के लिए तकनीकी आवश्यकताओं तथा भविष्य में सहयोग की संभावनाओं का आकलन करेंगी और अंतरिक्ष मलबे की बढ़ती चुनौती से निपटने की दिशा में कार्य करेंगी।
श्री कौऱा ने जोर देते हुए कहा कि सीआईआई नॉर्दर्न रीजन सरकार और उद्योग के साथ मिलकर निवेश, प्रौद्योगिकी अपनाने, स्थिरता, कौशल विकास और वैश्विक साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करेगा, जिसमें उभरते और उच्च-विकास वाले क्षेत्रों में नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
“हमारा प्रयास नॉर्दर्न रीजन को अधिक प्रतिस्पर्धी, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार बनाना है, साथ ही उद्योग, निवेश, रोजगार और नवाचार के लिए अधिक अवसर पैदा करना है। पंजाब में नए दौर के उद्योगों का केंद्र बनने की सभी क्षमताएं मौजूद हैं और सीआईआई इस क्षमता को साकार करने के लिए राज्य सरकार और उद्योग के साथ मिलकर निरंतर कार्य करेगा,” श्री कौऱा ने कहा।


























