चंडीगढ़ 10 सितंबर 2026: बाबा जाहरवीर गोगा जी महाराज को समर्पित तीन दिवसीय उत्सव यहां वीरवार को मंदिर कि 10वीं पुश्त उत्तराधिकारी महंत सीमा नाथ तथा 9वीं पुश्त के गद्दीनशीन महंत जय कृष्ण नाथ तथा मंदिर की सह-संचालिका साध्वी सुरिन्द्रा देवी के सानिध्य में संपन्न हो गया। यह आयोजन सेक्टर 36 स्थित प्राचीन गुग्गा माड़ी मंदिर में हर वर्ष की भांति भाद्रपद की द्वादशी, त्रयोदशी व चतुर्दशी को आयोजित किया जाता है।
बाबा जाहरवीर गोगा जी महाराज के तीन दिवसीय इस उत्सव के अंतिम दिन उत्तराधिकारी महंत सीमा नाथ, महंत जय कृष्ण नाथ तथा साध्वी सुरिन्द्रा देवी व अन्य भक्तजनों ने ध्वजारोहण की परम्परा को निभाया जिसके उपरांत बाबा जाहरवीर गोगा जी महाराज की पूजा विधि विधान के साथ की गई।
उत्सव में 10वीं पुश्त उत्तराधिकारी महंत सीमा नाथ ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए बताया कि भक्त ही एकमात्र ऐसा साधन है जो हृदय से यदि भगवान को याद करे तो परमपिता भी स्वयं को उसके अधीन कर देते हैं। इसलिए भक्ति से भगवान भी भक्त के वश में हो जाते हैं।


9वीं पुश्त के गद्दीनशीन महंत जय कृष्ण नाथ ने बताया कि गुग्गा माडी मंदिर जो वर्षों पुराना है, में जो श्रद्धालु सच्चे भाव से अपनी कोई मनोकामना लेकर आता है वह पूरी होती है। यह आस्था का जीता जागता सबूत है। उत्सव के दौरान तीन दिन निरन्तर विशाल अटूट भंडारे का आयोजन किया गया।
उत्सव के समापन पर विशेष अतिथि के तौर पर देश के विभिन्न राज्यों से संत महात्माओं ने शिरकत की। जिनमें खुडा अली शेर से योगी सूरज नाथ जी; लुधियाना से स्वामी आध्यात्म नाथ जी, अंबाला से स्वामी ज्ञान नाथ जी, ऊषा नाथ जी ; मंगत राम और सतीश कुमार जी ने बाबा जाहरवीर गोगा जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डाला और प्रवचन दिये।
भजन गायन का प्रारम्भ साध्वी सुरिन्द्रा देवी ने गणेश वंदना तथा आकर सुन लो मेरी सरकार, प्रसिद्ध भजन के साथ किया जिसके बाद भजन गायक सुमन ठाकुर ने बाबे तेरे नाम से गुजारा;तारा शर्मा ने लाल पट रखियो मेरी संभाल झूलेलालण, सोनिया बजवा गुग्गा पीर के सोहाले ने मधुर भजन गाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अन्य भक्तों ने भजनों में तोरा मां दर्पण कह लाये रे, बाबा इतना तो रहम करिए, बरसाने में बुलाओ, हे राधिका हमारी गाकर कर उपस्थित श्रद्धालुओं का घंटों समां बांधे रखा और झुमने पर विवश कर दिया। भजन संध्या में म्यूजिक बलदेव काकड़ी ने दिया।
























