Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

भारत ने पहले मैच में श्रीलंका को 90 रन से हराया; कप्तान प्रियम गर्ग, ध्रुव जोरेल और यशस्वी का अर्धशतक

0
222

  • भारत ने 297 रन बनाए, श्रीलंका की टीम 45.2 ओवर में 207 रन पर सिमट गई
  • सिद्धेश वीर ने 44 रन बनाए और 2 विकेट भी लिए, वे मैन ऑफ द मैच चुने गए
  • भारतीय टीम दूसरा मैच 21 जनवरी को जापान के खिलाफ खेलेगी

Dainik Bhaskar

Jan 19, 2020, 09:55 PM IST

खेल डेस्क. भारत ने दक्षिण अफ्रीका में हो रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में श्रीलंका को 90 रन से हरा दिया। रविवार को ब्लोफोंटेन में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट पर 297 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 45.2 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। भारत के लिए मैच में सिद्धेश वीर ने ऑलराउंडर प्रदर्शन किया। उन्होंने 44 रन बनाने के साथ-साथ दो विकेट भी लिए। वीर को मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

भारतीय कप्तान प्रियम गर्ग ने 56, ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 59 और ध्रुव जुरेल ने 52 रन की पारी खेली। तिलक वर्मा ने 46 रन का योगदान दिया। दूसरी ओर, श्रीलंका के लिए निपुन धनंजय ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। इसके अलावा रविंदु रसंथा ने 49 रन की पारी खेली।

दोनों टीमें
भारत: यशस्वी जायसवाल, दिव्यांश सक्सेना, तिलक वर्मा, प्रियम गर्ग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), सिद्धेश वीर, शुभांग हेगड़े, सुशांत मिश्रा, रवि बिश्वनोई, आकाश सिंह, कार्तिक त्यागी।

श्रीलंका: कामिला मिसारा (विकेटकीपर), नवोद पारानाविथाना, रविंदु रसंथा, थवीशा कहादूवाराची, निपुन धनंजय (कप्तान), सोनल दिनुषा, कविंदु नदिशन, ऐशियन डेनियल, अमशी डि सिल्वा, दिलशन मधुशनका, मथीषा पथिराना। 

भारत 4 बार चैम्पियन बन चुका है

अंडर-19 का यह 13वां वर्ल्ड कप है। भारतीय टीम अब तक 4, ऑस्ट्रेलिया 3, पाकिस्तान 2 के अलावा इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका 1-1 बार यह खिताब जीत चुके हैं। 4 बार की विजेता भारत को इस बार भी खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारतीय टीम ने पहला खिताब 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में जीता था। पिछली बार 2018 में भारत ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।

भारत को न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है
भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें जापान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका भी हैं। ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नाइजीरिया और वेस्टइंडीज हैं। ग्रुप-सी में बांग्लादेश, पाकिस्तान, स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे हैं, जबकि ग्रुप-डी में अफगानिस्तान, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) हैं। नाइजीरिया और जापान ने पहली बार क्वालिफाई किया है। हर ग्रुप से दो शीर्ष टीमें सुपर लीग में पहुंचेंगी। चार शहरों और आठ मैदानों पर कुल 24 मैच खेले जाएंगे।