- बजट से पहले पहली बार विधायकों से की गई थी चर्चा
- सीएम ने प्रदेशभर के व्यापारियों और उद्योगपतियों से भी लिए थे सुझाव
Dainik Bhaskar
Feb 28, 2020, 09:35 AM IST
चंडीगढ़। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर बतौर वित्तमंत्री आज विधानसभा में पहली बार बजट पेश करेंगे। बजट भाषण दिन के 12 बजे शुरू होगा। इससे पहले सुबह से ही सीएम मनोहर लाल खट्टर, वित्त विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। यह चर्चा सीएम आवास पर जारी है। इसके बाद सीएम अपने कार्यालय जाएंगे। विधानसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू होगी।
सूत्रों के अनुसार बजट में करीब 15 फीसदी की बढ़ोत्तरी हो सकती है। पिछली बार 1 लाख 32 हजार करोड़ का बजटीय प्रावधान किया गया था। प्रदेश की जनता पर नया बोझ बढ़ने की संभावना काफी कम है। सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और किसानों पर सरकार का फोकस रहेगा।
किसानों को लेकर प्री-बजट चर्चा में जो 40 से अधिक सुझाव आए हैं, उन पर सरकार अमल कर सकती है। बड़ी बात यह है कि प्रदेश के बजट में आय के साधन बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि सरकारी खजाने में राशि बढ़ सके। सरकार के पास इसके लिए करीब 40 सुझाव आए हैं, जिन्हें बजट में शामिल किया जाएगा।
पहली बार विधायकों से लेकर उद्योगपतियों तक की गई थी चर्चा
पहली बार मनोहर लाल सरकार ने बजट पेश करने से पहले विधायकों से चर्चा की। विधायकों ने सुझाव दिए। इसके साथ-साथ व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ भी सीएम से लेकर सरकार के अन्य नेताओं ने रायशुमारी की। उनके सुझाव लिए गए। उम्मीद जताई जा रही है कि इन्हें बजट में शामिल किया जा सकता है।
ये घोषणाएं संभव
- दिल्ली में आप सरकार ने बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य पर फोकस किया था। इन सुविधाओं पर हरियाणा सरकर रखेगी ध्यान।
- स्वास्थ्य क्षेत्र का बजट दस हजार करोड़ रुपए को पार कर सकता है।
- सरकार अवैध कॉलोनियों को पक्का करने के लिए नई नीति की घोषणा कर सकती है।
- अवैध खनन रोकने और खदानों से सरकार खजाना भरने का कर सकती है प्रयास।
- सरकार ऐसे किसानों से वह जमीन खरीदने पर विचार कर रही है, जिनके बीच से रजवाहे होकर गुजरते हैैं। इन पर प्रयोग होने वाले पानी पर भी सरकार चार्ज वसूल कर सकती है।
- ग्रामीणों व उद्योगों की तरफ भी रहेगा।