Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

नगर निगम के मेयर चुनावों के समय पार्षदों की कथित खरीदोफरोख्त की रिपोर्टों के मद्देनज़र चंडीगढ़ कांग्रेस ने भाजपा से अपील की है कि वह मेयर का पद हथियाने के लिए शहर के पार्षदों के बीच दलबदल कराने का प्रयास करके चंडीगढ़ के राजनीतिक माहौल को खराब न करे।

0
43

नगर निगम के मेयर चुनावों के समय पार्षदों की कथित खरीदोफरोख्त की रिपोर्टों के मद्देनज़र चंडीगढ़ कांग्रेस ने भाजपा से अपील की है कि वह मेयर का पद हथियाने के लिए शहर के पार्षदों के बीच दलबदल कराने का प्रयास करके चंडीगढ़ के राजनीतिक माहौल को खराब न करे।

यह आरोप लगाते हुए कि भाजपा अपने संकीर्ण स्वार्थ के लिए शहर के स्वच्छ राजनीतिक माहौल को बिगाड़ने पर तुली हुई है, चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने चंडीगढ़ के शिक्षित एवं जागरूक निवासियों से अपील की कि वह सब लोकतांत्रिक परम्पराओं के तहत भाजपा पर दबाव बनाएं ताकि चुनाव के समय वह पार्षदों के दलबदल के माध्यम से चण्डीगढ़ का राजनीतिक माहौल को प्रदूषित करने की अपनी कोशिशों पर विराम लगाने को मजबूर हो जाए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि शहर में नौ साल के भाजपा के कुशासन का एक परिणाम पर्यावरण प्रदूषण में अभूतपूर्व वृद्धि रहा है, जब कि आजकल इसका वायु गुणवत्ता सूचकांक 350 से 400 अंकों के ख़तरनाक स्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ समय पहले तक सुन्दर शहर चण्डीगढ़ अपने स्वच्छ वातावरण के लिए दुनिया भर में जाना जाता था और यह खेद का विषय है कि आज हमारे शहर का प्रदूषण स्तर दुनिया भर में सबसे प्रदूषित राजधानियों में से एक नई दिल्ली के मौजूदा वायु गुणवत्ता सूचकांक से भी ऊपर पहुँच गया है। इसी तर्ज पर संकीर्ण राजनीतिक लाभ प्राप्त करने के लिए यहाँ बड़े पैमाने पर राजनीतिक प्रदूषण फैलाया जा रहा है जिससे शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के नाम और छवि पर दाग़ लग सकता है। उन्होंने आगे कहा कि दुख की बात है कि यह लगातार तीसरी बार है जब शहर के पार्षदों को चुनावी खरीदोफ़रोख्त से बचाने के लिए शहर से दूर डेरा डालना पड़ा है। निश्चित रूप से, चंडीगढ़ जैसे शिक्षित एवं सभ्य शहर में यह सब स्वीकार्य नहीं हो सकता है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि चूंकि स्थानीय नागरिक निकायों में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं है, ऐसी स्थिति में आम जनता का कर्तव्य बन जाता है कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग करते हुए ऐसे चुनावी और राजनीतिक भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज़ उठाएं।

चंडीगढ़ कांग्रेस स्थानीय रैज़ीडैन्ट वैल्फ़ेयर ऐसोसिएशनों, ग्राम पंचायतों, उद्योग एवं व्यापार संघों और अन्य गैर सरकारी संगठनों से अपील करती है कि राजनीतिक भ्रष्टाचार से प्रेरित ऐसे दलबदल के खिलाफ माहौल बनाएं और उनसे ऐसे उन सभी पार्षदों का बहिष्कार करें, जो प्रलोभनों के चलते चुनावों से एकदम पहले अपना पाला बदलते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जागरूक वोटर उन सभी लोगों के मन में डर पैदा कर सकते हैं, जो नगर निगम के पदों को किसी भी कीमत पर जीतने के लिए राजनीतिक भ्रष्टाचार को हवा देते हैं।