उनके बचाव में तो कोई भी वरिष्ठ भाजपा नेता भी सामने नहीं आया : कांग्रेस प्रवक्ता
चण्डीगढ़ : कांग्रेस के स्थानीय प्रवक्ता कृष्ण लाल ने चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा द्वारा पंजाबी समुदाय के खिलाफ दिए गए बयान को लेकर कांग्रेस पर साजिश का आरोप लगाने की कड़ी आलोचना की है।
कृष्ण लाल ने कहा कि मल्होत्रा द्वारा पंजाबी समुदाय से माफी मांगने के बाद भी उनका रवैया यह दर्शाता है कि रस्सी जल गई, पर बल नहीं गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पार्षदों और कई वरिष्ठ नेताओं ने भी पार्टी के भीतर श्री मल्होत्रा के बयान पर कड़ी नाराजगी जताई थी। अपनी ही पार्टी में बढ़ते विरोध और पंजाबी समुदाय के आक्रोश को देखते हुए उन्हें माफी मांगने के लिए मजबूर होना पड़ा, लेकिन उनके बचाव में कोई भी वरिष्ठ भाजपा नेता सामने नहीं आया।
कृष्ण लाल ने पंजाबी समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि यह समुदाय हमेशा देश और समाज के लिए कठिन समय में आगे बढ़कर खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान जब भाजपा सरकार ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य आवश्यक संसाधन लोगों तथा अस्पतालों तक पहुंचाने में विफल रही, तब पंजाबी समुदाय के लोगों ने अपने घरों से निकलकर मानवता की सेवा करते हुए ऑक्सीजन सिलेंडर और जरूरी सहायता अस्पतालों व जरूरतमंदों तक पहुंचाई।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में आई भीषण बाढ़ के दौरान भी पंजाबी समुदाय ने अपने बलबूते पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में खाद्य सामग्री, दवाइयां, टेंट और अन्य आवश्यक सामान लेकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की मदद की। उन्होंने बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य किया और कई स्थानों पर सरकारी सहायता का इंतजार किए बिना राहत अभियान चलाए। उन्होंने कहा कि पंजाबी समुदाय हमेशा देश और समाज के लिए हर कठिन परिस्थिति में सीना तानकर खड़ा रहता है।
कृष्ण लाल ने श्री जितेंद्र मल्होत्रा को सलाह दी कि वे कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगाने की बजाय अपनी पार्टी के भीतर की स्थिति को संभालने पर ध्यान दें। उन्होंने याद दिलाया कि चंडीगढ़ की लोकसभा सीट, जिस पर पिछले लगभग दस वर्षों से भाजपा का कब्जा था, वहां कांग्रेस उम्मीदवार श्री मनीष तिवारी ने भाजपा के नेता को पराजित कर जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि यह जीत कांग्रेस की नीतियों और जनता के विश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मल्होत्रा की किसी सलाह की आवश्यकता नहीं है। सांसद मनीष तिवारी और कांग्रेस पार्टी के प्रधान एच.एस. लक्की लगातार जनहित के मुद्दों को संसद से लेकर सड़कों तक उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की सक्रियता और जनता के बीच लगातार उपस्थिति के कारण भाजपा के पास आज कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। भाजपा के नेता जनता के बीच जाने की बजाय अपने दफ्तरों तक ही सीमित होकर रह गए हैं।
कृष्ण लाल ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता ने मनीष तिवारी और कांग्रेस पार्टी के प्रधान एच.एस. लक्की को जो जिम्मेदारियां सौंपी हैं, वे उनका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं। जनता की समस्याओं को उठाना, उनके समाधान के लिए संघर्ष करना और प्रशासन पर जनहित के मुद्दों को लेकर दबाव बनाना उनकी प्राथमिकता रही है।
उन्होंने कहा कि सांसद मनीष तिवारी और एच.एस. लक्की लगातार जनहित के मुद्दों को संसद से लेकर सड़कों तक लाते रहे हैं। उनकी सक्रियता के कारण भाजपा के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अपने दफ्तरों तक सीमित होकर रह गए हैं, जबकि कांग्रेस के नेता लगातार जनता के बीच मौजूद हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
कृष्ण लाल ने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद मनीष तिवारी के कुशल नेतृत्व और कांग्रेस पार्टी के प्रधान एच.एस. लक्की की अध्यक्षता में कांग्रेस पार्टी आगामी नगर निगम चुनावों में भी बड़ी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को समझ चुकी है तथा आने वाले चुनावों में कांग्रेस के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश देगी।






























