Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे. पी. नड्डा ने हिमाचल प्रदेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) बिलासपुर के तृतीय स्थापना दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता की

0
121

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे. पी. नड्डा ने हिमाचल प्रदेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) बिलासपुर के तृतीय स्थापना दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता की

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर 2025

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एआईआईएमएस) के तृतीय स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद श्री हर्ष महाजन, पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता श्री जय राम ठाकुर तथा हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में श्री नड्डा ने कहा, “अत्याधुनिक एमआरआई, सीटी स्कैनर, पीईटी-सीटी, एंडोस्कोपी और ब्रोंकोस्कोपी सूट जैसी सुविधाओं की उपलब्धता के साथ एआईआईएमएस बिलासपुर ने मात्र तीन वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है।” उन्होंने कहा कि “न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीज भी यहां उपचार के लिए आ रहे हैं, जो संस्थान में बढ़ते विश्वास और भरोसे को दर्शाता है।”

श्री नड्डा ने नाभिकीय चिकित्सा, कैंसर उपचार और गुर्दा प्रत्यारोपण के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि यह है कि आउट-ऑफ-पॉकेट-एक्सपेंडिचर कम हुआ है। पहले लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ जाना पड़ता था, आज एआईआईएमएस बिलासपुर प्रदेश और क्षेत्र की उच्च स्तरीय चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है।”

उन्होंने बताया कि एआईआईएमएस बिलासपुर में हाल ही में 127 पदों को स्वीकृति मिली है, जिनमें 29 संकाय और 98 गैर-संकाय पद शामिल हैं। चयन समिति एक वर्ष तक सक्रिय रहेगी और इन पदों को शीघ्र भरने के लिए कम-से-कम चार चरणों में साक्षात्कार आयोजित करेगी।

श्री नड्डा ने घोषणा की कि एआईआईएमएस बिलासपुर में 500 बिस्तरों वाला विश्राम सदन बनाया जाएगा, ताकि दूर-दराज़ से आने वाले मरीजों को सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त प्रकार III, IV और V आवासीय क्वार्टर, स्नातक छात्रावास तथा एक इनडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए ₹165 करोड़ और ₹5 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने एआईआईएमएस की प्रतिष्ठा बनाए रखने और अन्य संस्थानों की सफलताओं को दोहराने पर बल दिया तथा एआईआईएमएस संस्थानों के बीच लघु-अवधि विनिमय कार्यक्रम शुरू करने की पहल का उल्लेख किया।

इसके अलावा, उन्होंने बताया कि नीति आयोग और भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के सहयोग से एक टीम बनाई गई है, जो सभी एआईआईएमएस संस्थानों का दौरा करेगी और भविष्य की विकास रूपरेखा तैयार करेगी।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान का कुलगीत जारी किया गया और उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सह-पाठयक्रम उपलब्धियों वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।

पृष्ठभूमि

एआईआईएमएस बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश, प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के तहत स्थापित किया गया था। इसकी नींव माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 3 अक्टूबर 2017 को रखी थी और इसे 5 अक्टूबर 2022 को राष्ट्र को समर्पित किया गया। वर्तमान में संस्थान 734 से अधिक बिस्तरों के साथ कार्यरत है और उन्नत निदान, कैंसर देखभाल तथा जीवनरक्षक प्रत्यारोपण सेवाएँ प्रदान कर रहा है।

संस्थान का ध्येय वाक्य “सर्वे सन्तु निरामयाः” – सब स्वस्थ रहें – है।