
चंडीगढ़, 11 जून
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल की कीमतों में की जा रही बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ शुक्रवार को प्रदेश के पेट्रोल पंपों के सामने सांकेतिक रोष प्रदर्शन आयोजित किए। इस अवसर पर धरनास्थलों पर तेल की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर बनाई गई वीडियो प्रदर्शित की गई और कई स्थानों पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बैल-गाड़ियों पर रोष मार्च निकाला। इसी कड़ी में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा कुमारी सैलजा ने अंबाला शहर तथा कुरुक्षेत्र में पेट्रोल पंपों के सामने आयोजित किए रोष प्रदर्शनों की अगुवाई की।
इस अवसर पर बोलते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि की जा रही है। पिछले 13 महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमश: 25.72 रू और 23.93 रूपए से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है, जो कि भाजपा सरकार द्वारा की जा रही सार्वजनिक लूट का जीता-जागता उदहारण है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि एक ओर तो कोरोना महामारी के कारण देश की जनता आर्थिक मंदी से जूझ रही है दूसरी तरफ भाजपा सरकार ने तेल के दामों में बेतहाशा वृद्धि करके आमजन की कमर तोड़ने का काम किया है। चुनाव जीतने के बाद भाजपा के अहंकार के साथ-साथ पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें भी बढ़ी हैं। पिछले पांच महीनों में 43 बार बढ़ोतरी की गई है। तेल की कीमतें बढ़ने से सभी चीजों की कीमतें बढ़ती हैं और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ता है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि आज भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। भाजपा सरकार की करनी और कथनी में जमीन-आसमान का अंतर है। मौजूदा भाजपा सरकार की नींव ही झूठ और जुमलों पर रखी गई है। मोदी और खट्टर सरकार ने जनता की भलाई के लिए एक भी ठोस कार्य नहीं किया है। दोनों सरकारों ने सिर्फ समाज में जात-पात का जहर घोल कर अपना उल्लू सीधा करने का काम किया है। देश व प्रदेश का कोई भी नागरिक ऐसा नहीं है जो केन्द्र की मोदी और हरियाणा की खट्टर सरकार की जनविरोधी नीतियों का शिकार न हुआ हो। देश व प्रदेश की जनता को कोरोना महामारी के साथ-साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों की मार भी झेलनी पड़ रही है। अब भाजपा सरकार के दिन लद चुके हैं। देश व प्रदेश की जनता इनकी साजिशों को भली भांति समझ चुकी है और भाजपा वालों को भी समझ लेना चाहिए की काठ की हांडी बार–बार नहीं चढ़ती है।
कुमारी सैलजा ने मांग करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार तुरन्त प्रभाव से तेल की कीमतें घटाये, ताकि इस महामारी में जूझ रहे देशवासियों को कुछ राहत मिल सके।
अंबाला के प्रदर्शन में पूर्व विधायक जसबीर मलौर, हरियाणा कांग्रेस कोषाध्यक्ष रोहित जैन, रिंकू पूनिया बलविंदर पूनिया, तरूण चुघ, पवन अग्रवाल, ईशु गोयल, मिथुन वर्मा कुलदीप गुल्लू, देवेंद्र वर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। कुरुक्षेत्र के प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, बिमला सरोहा, प्रेम चंद, सुरेन्द्र सैनी, सतबीर शर्मा, दीपक बब्बर, नीलम, हरप्रीत चीमा, विनोद गर्ग, जगदीश राठी, सुरेन्द्र फौजी, सुभाष मिर्जापुर, पवन चौधरी, सुभाष पाली समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
























