
- वरुण चक्रवर्ती को 4 करोड़ में कोलकाता ने खरीदा, उनका बेस प्राइस 30 लाख था, पिछले सीजन में वह 8.4 करोड़ में बिके थे
- रवि बिश्नोई सबसे चौंकाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी रहे, उन्हें 2 करोड़ में पंजाब ने खरीदा
Dainik Bhaskar
Dec 20, 2019, 12:26 AM IST
खेल डेस्क. आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती रहे। उन्हें कोलकाता ने 4 करोड़ में खरीदा। जो उनकी बेस प्राइस 30 लाख से 13 गुना ज्यादा है। पिछले सीजन में उन्हें पंजाब ने 8.4 करोड़ में खरीदा था। इसके अलावा नीलामी में मुंबई के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल पर सबकी नजर थी। वह बेस प्राइस से 12 गुना ज्यादा यानि 2.40 करोड़ में बिके।
यशस्वी अगले महीने दक्षिण अफ्रीका में होने वाले अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम के सदस्य हैं। उनके अलावा अंडर-19 टीम के कप्तान प्रियम गर्ग भी 1.90 करोड़ में बिके। उन्हें हैदराबाद ने खरीदा।
यशस्वी लिस्ट-ए क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
17 साल के यशस्वी लिस्ट-ए क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज है। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ 154 गेंदों में 17 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 203 रन बनाए थे। इस बल्लेबाज ने टूर्नामेंट के 6 मैच की 6 पारियों में 112.80 की औसत से 564 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 1 अर्द्धशतक लगाया था।
रवि बिश्नोई भारत की अंडर-19 टीम के सदस्य
नीलामी में 19 साल के रवि बिश्नोई ने भी सबको चौंकाया। उन्हें बेस प्राइस 20 लाख से 10 गुना ज्यादा यानि 2 करोड़ में पंजाब ने खरीदा। बिश्नोई विश्व कप खेलने जा रही अंडर-19 टीम के भी सदस्य हैं। उन्होंने अब तक 6 लिस्ट-ए और इतने ही टी-20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 14 विकेट लिए हैं।
भारत की अंडर-19 टीम के कप्तान प्रियम 1.9 करोड़ में बिके
उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज और अंडर-19 टीम के कप्तान प्रियम गर्ग भी बेस प्राइस से लगभग 10 गुना ज्यादा में बिके। उन्हें हैदराबाद ने 1.90 करोड़ में खरीदा। प्रियम ने 2018-19 विजय हजारे ट्रॉफी में 10 मैचों में 814 रन बनाए थे। वह अभी तक 12 फर्स्ट क्लास मैच में 65 से ज्यादा की औसत से 867 रन बना चुके हैं। इस दौरान इस बल्लेबाज ने दो शतक भी जड़े थे। लिस्ट-ए मैचों में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है और उन्होंने 19 मैच में दो शतकों और 4 अर्द्धशतक की मदद से 707 रन बनाए।
विराट सिंह को हैदराबाद ने बेस प्राइस से 10 गुना ज्यादा में खरीदा
झारखंड के विराट सिंह को भी हैदराबाद ने 1.9 करोड़ में खरीदा। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने हाल ही में हुई सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी की 10 पारियों में 343 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 140 से ज्यादा का रहा। वह महेंद्र सिंह धोनी को अपना हीरो मानते हैं।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी भी अपनी बेस प्राइस 20 लाख से लगभग सात गुना ज्यादा यानि 1.30 करोड़ में बिके। उन्हें राजस्थान ने खरीदा। वह अगले महीने दक्षिण अफ्रीका में होने वाले अंडर-19 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली भारतीय टीम के सदस्य हैं। उन्होंने केवल 1 फर्स्ट क्लास मैच खेला है। रेलवे के खिलाफ हुए मुकाबले में उन्होंने 3 विकेट लिए थे।





















