
- ग्रेफिटी व कैलेंडर के बाद प्रशासन ने होनहार लड़कियों के नाम पर रखे सड़कों के नाम
- मकसद: बेटियों को बेटों के बराबर सम्मान दिलाना और अन्य लोगों के लिए प्रेरणा बनाना
Dainik Bhaskar
Feb 22, 2020, 09:27 AM IST
संगरूर. परिजन और जिले का नाम रोशन करने वाली होनहार लड़कियों का नाम अब गांवों और शहर की सड़कों पर भी दिखाई देगा। शिक्षा व खेलों में अपना नाम पूरे पंजाब में चमकाने वाली इन लड़कियों के नाम पर प्रशासन ने सड़कों के नाम रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मकसद साफ है कि इन बेटियों को बेटों के बराबर सम्मान मिल सके और दूसरी लड़किया भी इनसे प्रेरणा लेकर अपना व परिजनों का नाम रोशन कर सके। प्रशासन का दावा है कि उनके इस प्रयास से बेटियों को बचाने और पढ़ाने के संदेश के साथ-साथ उन्हें लड़कों के बराबर का अधिकार मिलेगा।
जिला प्रशासन की ओर से पिछले लंबे समय से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम के तहत ऐसी गतिविधियों की तरफ विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे लड़कियां उत्साहित होकर अपनी मेहनत व लग्न से नई मिसाल पैदा कर सकें। इसके तहत दिसंबर माह में जिले के फ्लाईओवरों पर उन बेटियों की ग्रेफिटी बनाई गई थी। जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में जिले का नाम रोशन किया है। इसके बाद जनवरी माह में उन लड़कियोंं का 2020 का टेबल कैलेंडर रिलीज किया गया था। कैलेंडर पर लड़कियों की उपलब्धियों सहित तस्वीरें में अंकित की गई है।
मकसद-बेटियों को मिले बेटों के बराबर सम्मान, इन लड़कियों के नाम पर हुआ सड़कों का नाम
पिछले सेशन के दौरान 12वीं कक्षा में 99.55 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल डूडिया की लवप्रीत कौर, 10वीं कक्षा में 98.30 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खेडी चहलां की रमन कौर, सैशन 2018-19 में दसवीं कक्षा में से 98.30 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बल्लरां की मनदीप कौर, सेशन 2018-19 में दसवीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले सरकारी हाई स्कूल ढंडियाल की सिमरन कौर, सेशन 2018-19 में बारहवीं कक्षा में 97.11 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली गगनदीप कौर, सेशन 2018-19 में बारहवीं कक्षा में 95.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (कन्या) संगरूर की दृष्टि के अलावा स्टेट स्तरीय हाॅकी में पहला स्थान प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कन्या संगरूर की लवदीप कौर, स्टेट स्तरीय बेसबाॅल में पहला स्थान प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी कन्या स्कूल संगरूर की सोमा कौर, स्टेट स्तरीय बेसबाॅल में पहला स्थान प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कन्या धूरी की अशप्रीत कौर, बाॅक्सिंग अंडर-17 में स्टेट स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अकबरपुर की गगनदीप कौर, बाॅक्सिंग में स्टेट स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल कन्या धूरी की अर्शदीप कौर और योगा में स्टेट स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली मनजिंदर कौर के नाम पर जिले में सड़कों के नाम रखे गए हैं।
माता-पिता बेटियों को बेटों के बराबर देंगे मौका : डीसी
^डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि अपनी मेहनत के बलबूते पर जो बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्तियां करती हैं, उन्हें सम्मान देने से भविष्य में और भी अहम प्राप्तियां करने की संभावना मजबूत होती है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम के जरिए बेटियों को हकों के बारे में जागरूक करने में बड़े प्रयास किए हैं। परिजन भी अपनी बेटियों को बेटों के बराबर मौके देंगे।



















