ग्लोबल डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ दि हिमालय से जुड़े दुनिया भर के चिकित्सक
चंडीगढ, सुनीता शास्त्री। लेह (लद्दाख) स्थित शैक्षिक व आध्यात्मिक गैर-सरकारी संगठन, महाबोधि इंटरनेशनल मेडिटेशन सेंटर ने डॉक्टरों से हिमालय के सुदूर इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान करने और ग्लोबल डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ दि हिमालय से जुडऩे की अपील की है। यह अपील प्रसिद्ध बौद्ध गुरु एवं महाबोधि इंटरनेशनल मेडिटेशन सेंटर के संस्थापक अध्यक्ष, भिक्खु संघसेना ने की है। हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले समुदायों को उपयुक्त चिकित्सा देखभाल नहीं मिल पाती है, क्योंकि इन क्षेत्रों में न तो योग्य डॉक्टर हैं और न ही सुविधाजनक अस्पताल उपलब्ध हैं। हिमालय के दूरदराज गांवों में रहने वाले गरीब लोगों को चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए, भिक्खु संघसेना ने 1995 में महाबोधि के लेह स्थित देवाचन परिसर में, महाबोधि करुणा चैरिटेबल अस्पताल की स्थापना की थी। महाबोधि करुणा चेरिटेबल अस्पताल, लेह के सरकारी अस्पतालों से सेवानिवृत्त डॉक्टरों और दुनिया भर के स्वयंसेवक डॉक्टरों की मदद से चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। इसे बेहतर बनाने और हिमालय के दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने की आवश्यकता को समझते हुए, भिक्खु संघसेना ने डॉक्टरों की एक अंतर्राष्ट्रीय एसोसिएशन बनायी, जो विशेष रूप से लद्दाख में चिकित्सा देखभाल के लिए समर्पित है। ‘ग्लोबल डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ दि हिमालय, एक ऐसी पहल है जो दुनिया भर के डॉक्टरों और चिकित्सा पेशेवरों को हिमालय में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने और स्वास्थ्य व रोगों की रोकथाम के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए शुरू की गयी है। इसका उद्देश्य हिमालय में स्वास्थ्य कार्यक्रमों हेतु बैठक, बातचीत, चर्चा, योजना और निष्पादन हेतु एक मंच प्रदान करना है। मानवता की सेवा के इच्छुक डॉक्टर और चिकित्सा पेशेवर इस इनीशिएटिव में शामिल हो सकते हैं,’ नरविजय यादव, महासचिव, सेव दि हिमालय फाउंडेशन (एसएचएफ), चंडीगढ़ चैप्टर, ने कहा।इसी पहल के तहत, जर्मनी के डॉक्टरों के एक समूह ने हाल ही में महाबोधि अस्पताल में एक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर में कुल 931 लद्दाखी मरीजों ने भाग लिया और उनका इलाज किया गया। दस-दिवसीय मेडिकल कैंप के दौरान 35 मरीजों की रिकंस्ट्रक्टिव प्लास्टिक सर्जरी की गयी और 701 महिला रोगियों की स्क्रीनिंग की गयी। ग्लोबल डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ दि हिमालय से जुडऩे के लिए, 011-26181109 नंबर अथवा जीडीएहिमालया एट जीमेल डॉट कॉम पर ईमेल द्वारा संपर्क किया जा सकता है।
Mirror 365 - NEWS THAT MATTERSDear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com
Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020



















