- प्री वर्ल्ड कप एक्जिबिशन गेम में ऑस्ट्रेलिया ने अमेरिका को 98-94 से हराया
- अमेरिकी टीम आखिरी बार 2006 में हारी थी
Dainik Bhaskar
Aug 25, 2019, 09:02 AM IST
खेल डेस्क. अमेरिका की बास्केटबॉल टीम को 13 साल और 78 मैचों के बाद किसी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। वर्ल्ड नंबर-1 टीम को वर्ल्ड नंबर-11 ऑस्ट्रेलिया ने प्री वर्ल्ड कप एक्जिबिशन गेम में 98-94 के नजदीकी अंतर से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने अपने 55 साल के बास्केटबॉल इतिहास में पहली बार अमेरिका को हराया। पैटी मिल्स उनकी जीत के हीरो रहे। एक वक्त उनकी टीम अमेरिका से दस अंक पीछे चल रही थी, लेकिन पैटी ने पहले लगातार 10 पॉइंट स्कोर कर ये अंतर बराबर किया। फिर टीम को लीड भी दिलाई।
पैटी ने मैच में 30 पॉइंट किए। साथ ही अमेरिका को 2006 के बाद पहली हार मिली। तब ग्रीस ने उन्हें वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में हराया था। अमेरिका को चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल मिला था।
अमेरिका की विनिंग स्ट्रीक इंटरनेशनल स्पोर्ट्स के इतिहास की सबसे लंबी
इसके बाद अमेरिका ने एफआईबीए अमेरिका-2007, ओलिंपिक-2008, वर्ल्ड कप-2010, ओलिंपिक-2012, वर्ल्ड कप-2014 और ओलिंपिक-2016 में अपनी जीत की लय बरकरार रखी। अमेरिका की 78 मैचों की ये विनिंग स्ट्रीक इंटरनेशनल स्पोर्ट्स के इतिहास की सबसे लंबी है। हालांकि अमेरिका की इन तमाम ऐतिहासिक जीतों के सदस्य रहे स्टार खिलाड़ियों ने इस एक्जिबिशन गेम से आराम लेने का फैसला किया था।
क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का 21 जीत का रिकॉर्ड है
क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। 2003 में ऑस्ट्रेलिया ने 21 वनडे जीते थे। दक्षिण अफ्रीका ने 2005 में 12 और वेस्टइंडीज ने 1985 में 11 मैच जीते थे।






















