Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

भाजपा सरकार द्वारा लाए गए कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद श्री राहुल गांधी जी के हरियाणा आगमन की तैयारियों

0
136

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर –

भाजपा सरकार द्वारा लाए गए कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद श्री राहुल गांधी जी के हरियाणा आगमन की तैयारियों को लेकर रविवार को हरियाणा कांग्रेस के विधायकों व वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज रोड पर आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व नेता हरियाणा कांग्रेस विधायक दल किरण चौधरी, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, पूर्व हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष धर्मपाल मलिक मुख्य रूप से मौजूद रहे।

बैठक के उपरांत पत्रकारों को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि यह कृषि कानून किसानों के हितों के बिल्कुल विपरीत हैं। इसी को लेकर श्री राहुल गांधी जी किसानों के बीच आ रहे हैं। यह गूंगी बहरी सरकार है, संवेदनहीन सरकार है। यह सरकार संघीय ढांचे पर प्रहार कर रही है। भाजपा सरकार ने भरपूर प्रयास किया कि हाथरस मामले को दबाया जाए। इसी मामले को लेकर कल सोमवार को सुबह 10 बजे हरियाणा कांग्रेस द्वारा जिला मुख्यालयों पर हाथरस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के नीचे बैठकर प्रदर्शन किया जाएगा।

श्री राहुल गांधी जी के हरियाणा आगमन की जानकारी देते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि श्री राहुल गांधी जी ने इन काले कानूनों के खिलाफ आज से पंजाब से ट्रैक्टर यात्रा शुरू की है। उनकी यह यात्रा किसानों की इस लड़ाई में मील का पत्थर साबित होगी। 6 और 7 अक्टूबर को राहुल गांधी जी हरियाणा में दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। हरियाणा कांग्रेस द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। 6 अक्टूबर को देवीगढ़ बॉर्डर से वह पंजाब से हरियाणा प्रदेश में प्रवेश करेंगे। श्री राहुल गांधी जी वहां से ट्रैक्टरों के साथ पेहवा आकर लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद श्री राहुल गांधी जी कुरुक्षेत्र जाएंगे। रात को श्री राहुल गांधी जी कुरुक्षेत्र में ही रुकेंगे। इसके बाद अगली सुबह पीपली मंडी से राहुल गांधी जी की यात्रा शुरू होगी। पीपली मंडी से श्री राहुल गांधी जी नीलोखेड़ी जाएंगे और इसके बाद नीलोखेड़ी होते हुए वह करनाल जाएंगे। करनाल में इस कार्यक्रम का समापन होगा।

कुमारी सैलजा ने कहा कि श्री राहुल गांधी जी लगातार किसानों, श्रमिकों, आम लोगों के मुद्दे जोर-शोर से उठा रहे हैं। जिस प्रकार श्री राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी ने कल हाथरस जाकर दलित पीड़ित परिवार का दुख दर्द बांटा। उसी तरह से किसानों का जो दर्द है, पीड़ा है, सरकार के पास तो समय नहीं है उनकी पीड़ा को समझने और बातचीत करने का। लेकिन राहुल गांधी जी हमेशा जमीन से जुड़े रहते हैं, लोगों से जुड़े रहते हैं और उसी तरह से वह ट्रैक्टर पर चढ़कर हरियाणा प्रदेश आएंगे और प्रदेश का दौरा करेंगे। कुरुक्षेत्र में इस सरकार द्वारा किसानों पर जो लाठियां बरसाई गई थी, श्री राहुल गांधी जी इस सरकार को रास्ता दिखाएंगे कि कैसे हम बातचीत से ही देश को आगे ले जा सकते हैं।

वहीं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लाए गए कृषि बिल किसानों के हित में नहीं हैं। इन्हीं काले कानूनों का विरोध करने के लिए श्री राहुल गांधी जी हरियाणा आ रहे हैं। किसानों का साथ देने के लिए, उनकी आवाज उठाने के लिए श्री राहुल गांधी जी हरियाणा आ रहे हैं। पूरा किसान वर्ग इन कृषि बिलों को लेकर चिंतित है।