चंडीगढ़। आपकी आवाज पार्टी (भारत) ने शहर में अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सदस्यता अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान का शुभारंभ वार्ड नंबर 15 से किया गया, जहां पहले ही दिन करीब 370 लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमपाल चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़कर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रेमपाल चौहान ने कहा कि यह केवल सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी हर उस व्यक्ति को अपने साथ जोड़ना चाहती है, जो समाज के लिए काम करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है।
अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सदस्यता फॉर्म भरवाए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को विशेष रूप से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी ऑनलाइन सदस्यता की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
पार्टी अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के इस प्रयास को सफल बनाएं।























