Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

हरियाणा का ऐतिहासिक बजट उद्योग, किसान और आमजन के लिए विकास का नया अध्याय: इन्फ्रास्ट्रक्चर, आर एंड डी और इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स पर फोकस से प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में मजबूती वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और गुरुग्राम में मेगा प्रोजेक्ट्स से समावेशी प्रगति को बल

0
55

 

गुरुग्राम, 2 मार्च : प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) के चेयरमैन दीपक मैनी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ाने वाला दूरदर्शी दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विस्तार, अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर विशेष फोकस इस बजट को उद्योग जगत के लिए अत्यंत सकारात्मक बनाता है।

मैनी ने कहा कि फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, जीन्द, हिसार, फतेहाबाद, अंबाला, पंचकुला और यमुनानगर क्लस्टर में 25 मेगावाट क्षमता के कुल पांच वेस्ट टू एनर्जी प्लांट स्थापित करने की घोषणा पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय कदम है। इससे न केवल कचरा प्रबंधन की समस्या का समाधान होगा बल्कि स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में हरसरु, कादीपुर और वजीराबाद में नई ईएसआई डिस्पेंसरी खोलने तथा मानेसर के ईएसआईसी अस्पताल को 200 बिस्तरों में अपग्रेड कर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की घोषणा को उन्होंने श्रमिकों और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात बताया। इससे औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

गुरुग्राम में साउदर्न पेरिफेरल रोड पर एलिवेटेड कॉरिडोर, क्लोवर लीफ और पांच प्रमुख फ्लाईओवर के निर्माण सहित मॉडल रोड परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार लाएंगी। श्री मैनी ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी निवेश को आकर्षित करेगी और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे, मेट्रो विस्तार और नए इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स पर केंद्रित घोषणाएं हरियाणा को लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में और सशक्त करेंगी। साथ ही किसानों, लघु उद्यमियों और अन्य क्षेत्रों के लिए प्रोत्साहन योजनाएं समावेशी विकास का संकेत देती हैं।

दीपक मैनी ने कहा कि यह बजट संतुलित, समावेशी और भविष्योन्मुखी है, जो वित्तीय अनुशासन के साथ विकास की गति को तेज करने का स्पष्ट विजन प्रस्तुत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट हरियाणा को आधुनिक, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।