पांवटा साहिब — शहर में एक ऐसा चेहरा और एक ऐसी सकारात्मक सोच का व्यक्त्तिव भी है, जो सदैव लोगों की भलाई और उनके कठिन समय मेें काम आता है। पांवटा साहिब की पवित्र धरती से जुड़ा यह व्यक्ति धार्मिक तो है ही, साथ ही समाज के प्रति जिम्मेवारियों का निर्वहन करने में यह शख्स पिछले कई वर्षों से अनवरत जुटा हुआ है।
हम बात कर रहे हैं, ऐसी सख्शियत की जो सामाजिक सद्भाव की मिसाल भी कहा जाता है और सदैव लोगों को जोड़ने का काम करता है नाकि तोड़ने का। व्यवहार कुशलता में उसका समाज मेे कोई सानी नहीं है। उस चेहरे का नाम है- कुलवंत सिंह गिल, जिसे समूचा शहर पोल्ली भाई के नाम से जानता है।
पोल्ली भाई एक ऐसा चेहरा है, जो बीमार और जरूरतमंद लोगों की सेवा में सदैव तत्पर रहता है। इलाके में पोल्ली भाई एक चर्चित नाम है, जोकि समाज की बेहतरी के लिए एक नया कदम उठाने जा रहे हैं। आजकल वह एक मोबाइल स्वास्थ्य वैन तैयार करवा रहे हैं, जिससे वह बीमार लोगों को उनके घर-द्वार पर दूरदराज के गाँवों में मुफ्त दवा मुहैया करवा कर के इलाज करेवायेंगे। इससे उन्हें बीमारी की शुरुआत में ही बेहतर इलाज मिलेगा और शहर के मंहगे अस्पतालों के भी चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नि:शुल्क दवा और टैस्ट होने से स्वस्थ भारत का सपना साकार होगा । और ऐसा भी नहीं कि दवाई हर कोई बांटता फिरे। इसके लिये उन्होंने योजना बनाई है कि स्वास्थ्य वैन में एक एमबीबीएस डाॅक्टर की बकायदा नियुक्ति होगी। एक ट्रेंड नर्स या फार्मासिस्ट विशेषज्ञ डाॅक्टर की पर्ची के बाद निःशुल्क दवा रोगी व्यक्ति को देंगे। इसके बाद रोगी को खान-पान और डाइट के बारे में भी समझाया जायेगा।
इसके लिये कुलवंत सिंह शहर के कई बुद्धिजीवियों के सम्पर्क में हैं और उन्हें धार्मिक नगरी ‘पांवटा साहिब’ के सैकड़ों लोगों का सहयोग और समर्थन भी मिल रहा है।
श्री गिल यथाशीघ्र एक ट्रस्ट का गठन करके अपने सपने को साकार करने में जुट गए हैं और शीघ्र ही जनता के बीच आधुनिक चिकित्सका मोबाइल वैन दवा बांटती नजर आएगी।

























