चंडीगढ़, 22 अप्रैल।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर से पीडि़त व प्रभावित लोगों की सहायता करने के लिए एक राज्य स्तरीय 20 सदस्यीय समिति का गठन करके कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस समिति द्वारा लोगों की आवश्यकतानुसार सहायता प्रदान की जायेगी।
यह जानकारी देते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि केन्द्र और हरियाणा की भाजपा सरकारें कोविड-19 की महामारी से निपटने में पूर्णतया विफल रही हैं जिसके चलते देश में प्रतिदिन कोरोना के लाखों मामले दर्ज हो रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी व पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी के निर्देशानुसार इस महामारी में लोगों की सहायता करने के उद्देश्य से हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना करके हेल्प-लाईन नंबर जारी कर दिए हैं। प्रदेश में कोई भी पीडि़त अथवा प्रभावित व्यक्ति किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इन नंबरों पर संपर्क करता है तो उसे तुरंत उचित सहायता प्रदान की जायेगी।
डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेसाध्यक्षा कुमारी सैलजा ने प्रदेश के सभी जिलों में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं ताकि राज्य व जिला स्तर पर आपसी तालमेल से जरूरतमंद और गरीब लोगों को त्वरित और उचित सहायता प्रदान की जा सके।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय समिति में पूर्व प्रमुख संसदीय सचिव रामकिशन गुज्जर, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रोहित जैन, मीडिया समन्वयक निलय सैनी, मॉनेटरिंग इंचार्ज रणधीर राणा, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता रमेश बामल, अमरदीप बराड़, संजीव भारद्वाज व बालमुकुंद शर्मा, प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्षा श्रीमती सुधा भारद्वाज, प्रदेश कांग्रेस सेवा दल की कार्यकारी मुख्य संगठक डॉ. पूनम चौहान, प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्री सचिन कुंडू व कार्यकारी अध्यक्ष श्री अनंत दहिया, प्रदेश एनएसयूआई के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा, प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सतविंद्र सिंह टिम्मी, नरेश कालिया, सुल्तान सिंह ढुल, अनिल सैनी, नीरज कुमार, रजत गेरा तथा कमल मल्होत्रा को शामिल किया गया है।



















