
जीरकपुर में पंजाब वाॅटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड के हाथों से काम लेकर नगर परिषद जीरकपुर खुद भी पब्लिक हित में काम नहीं कर रही है।
खासकर, पानी और सीवरेज के कनेक्शन को लेकर एमसी की लापरवाही शहर के लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुर्इ है। गोल्डन इस्टेट में पानी के कनेक्शन जोड़ने के लिए किसी ने सड़क तोड़ दी। कनेक्शन जोड़ने के बाद मेन लाइन में लीकेज शुरू हो गई। सड़क के बीच में गड्ढा हाेने और पानी जमा होने की वजह से रोजाना लोग गड्ढे में गिरकर घायल हाे रहे हैं। इस जगह शनिवार रात माता के जागरण का आयोजन किया गया। इस वजह से एक महीने से जो काम नहीं हो रहा था, शनिवार को ठीक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर विधायक एनके शर्मा ने आना था। इसलिए ठेकेदार ने भी और एमसी के अफसरों ने भी इस काम को एक दिन में कर दिया।
गड्ढों को ठीक करने का काम नप कर रही है
शहर में टूटी सड़कों की रिपेयर का काम एमसी का
जब भी शहर में पानी और सीवरेज के कनेक्शन जोड़ने का काम किया जाता है तो उसके लिए सड़कें तोड़ी जाती हैं। सड़कें रिपेयर करने का काम एमसी का है, क्योंकि जब भी एमसी किसी बिल्डिंग का नक्शा पास करती है तो उसमें डेवलपमेंट फीस के तौर पर लोगों से पैसा वसूलती है, जिसमें पानी और सीवरेज के कनेक्शन जोड़ने के दौरान सड़क टूटने और उसकी रिपेयर करने का पैसा भी शामिल होता है। जो कनेक्शन चोरी से जोड़े जाते हैं, उस जगह सड़क टूटती है तो उसे ठीक करना एमसी का काम नहीं है। चोरी से कनेक्शन जोड़ने वाले से जुर्माने के साथ सड़क ठीक करने का हर्जाना भी लिया जाता है। जीरकपुर एमसी इस काम में भी लापरवाह है। चोरी के कनेक्शंस जोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति पर एमसी कार्रवाई नहीं करती है।
गोल्डन इस्टेट में सड़क की रिपेयर कर दी गई है। कहीं भी अगर इस तरह के गड्ढे हैं तो उनको ठीक करने का काम नगर परिषद कर रही है।
– कुलविंदर सोही, प्रधान, एमसी जीरकपुर।





















