चंडीगढ़,सुनीता शास्त्री। पैरागॉन सीनियर सेकेंडरी स्कूल और पैरागॉन किड्स मोहाली के छात्रों ने स्कूल के 36 वें वार्षिक दिवस समारोह – नवरंग को बड़े उत्साह, उमंग और खुशी के साथ मनाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि थे श्री राजबीर सिंह, जो सीबीएसई, नई दिल्ली के सलाहकार हैं और पहले इसके कार्यकारी निदेशक रह चुके हैं। कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिभाव के साथ एक शबद की प्रस्तुति से हुई, जिसे पेश किया स्कूल के गायक समूह ने। इसमें श्री गुरु नानक देव जी की 550 वीं जयंती को रेखांकित किया गया। पैरागॉन किड्स के नन्हें बच्चों ने अंग्रेजी गीतों की मनमोहक धुनों पर नृत्य प्रस्तुत किया। भारत के त्यौहारों और देश के लोक नृत्य रूपों सहित विभिन्न विषयों पर प्राइमरी और मिडिल विंग के छात्रों ने अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंग्रेजी का एक नाटक ‘किंगडम ऑफ फूल्स प्रस्तुत किया गया। स्मार्टफोन के बुरे प्रभावों पर नृत्य के साथ संदेश दिया गया। देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम में, छात्रों ने उड़ी आतंकी हमले के बाद हुई सर्जिकल स्ट्राइक के दृश्य प्रस्तुत कर भारतीय सेना के वीरों को श्रद्धांजलि दी। शो के आकर्षण का केंद्र रहा 5 अंक के महत्व पर कक्षा 3 और 4 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत एक संगीतमय कार्यक्रम।शो का समापन सीनियर विंग के छात्रों द्वारा किये गये भांगड़ा और गिद्दा प्रदर्शन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्री राजबीर सिंह ने स्कूल के छात्रों और कर्मचारियों के शानदार प्रदर्शन के प्रयासों की सराहना की। इकबाल सिंह शेरगिल, डायरेक्टर ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि वार्षिक शो एक ऐसा कार्यक्रम है जो बच्चों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

























