दैनिक भास्कर
Apr 22, 2020, 08:08 AM IST
सोनीपत. सोनीपत में एक लाख साठ हजार से अधिक लोगों ने मोबाइल पर आरोग्य सेतू एप डाउनलोड कर लिया है। उपायुक्त डॉ. अंशज सिंह ने लोगों को कोविड-19 के प्रति और अधिक सतर्क रहने के लिए आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन के सभी सरकारी अधिकारियों को निर्देश दे रखें हैं कि वह अपने पूरे स्टाफ के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराएं। इसके अलावा संबंधित विभाग अपनी-अपनी फील्ड से संबंधित आम जनता के मोबाइल में भी इस मोबाइल एप को डाउनलोड करवाने के लिए उन्हें जागरूक करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि आरोग्य सेतु एप लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे के बारे में आगाह करता है। यदि कोई कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति आप के 6 फीट के दायरे में आता है तो आपके पास तुरंत संदेश आने शुरू हो जाएंगे। यह एप कोरोना के प्रति आप को अलर्ट कर देगा। यह एप कई भाषाओं में उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि यह कोरोना के खिलाफ एक जंग है जिसमें सफलता के लिए आरोग्य सेतु एप प्रमुख भूमिका निभा सकता है। इसका हम सब को प्रयोग करना है। फिलहाल सरसों व गेहंू की खरीद चल रही है इस दौरान मंडी से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों के मोबाइल में यह एप डाउनलोड कराएं। इसी प्रकार कृषि व पशुपालन विभाग के अधिकारियों को भी किसानों से संपर्क करके यह एप डाउनलोड कराने के निर्देश दिए गए हैं।



















