कृषि कानून के प्रति जागरूकता लाने किसानों के बीच जाएगा भाकियू
नई दिल्ली, 15 दिसंबर 2020। भारतीय किसान यूनियन (किसान) के राष्ट्रीय व प्रादेशिक पदाधिकारियों सहित किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कृषि मंत्रालय, नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात कर कृषि सुधार कानूनों के समर्थन में अपना ज्ञापन-पत्र सौंपा। कृषि मंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए यूनियन ने अपना आंदोलन स्थगित करने का ऐलान किया है। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी संस्था के सदस्य विभिन्न जिलों में जाकर किसानों को कृषि सुधारों के संबंध में जागरूक करने का कार्य भी करेंगे। बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी भी उपस्थित थे।
बैठक में मंत्री श्री तोमर ने यूनियन के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश में कृषि सुधार कानूनों का स्वागत हो रहा है। अधिकांश किसान इन कृषि सुधारों के साथ हैं लेकिन कतिपय राजनीतिक दल कुछ किसानों को भ्रम में डालकर अविश्वास का वातावरण बना रहे हैं। श्री तोमर ने कहा कि कृषि, किसान, सरकार और किसान संगठन सभी एक-दूसरे के पूरक हैं। ऐसे में सभी का दायित्व है कि हम किसानों के हितों के लिए कार्य करें।
श्री तोमर ने कहा कि हम किसान संगठनों से चर्चा कर रहे हैं और आगे भी चर्चा के लिए तैयार हैं। हमनें उन्हें अपनी ओर से प्रस्ताव पत्र भी सौंपा है। सरकार को पूरा विश्वास है कि चर्चा के माध्यम से ही इस मामले का हल निकल पाएगा। श्री तोमर ने कहा कि वर्ष 2014 में 30 साल बाद श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में किसी एक राजनीतिक दल को पूर्ण बहुमत मिला था। जनता ने मोदी जी को इसी विश्वास के साथ पूर्ण बहुमत दिया कि वे देश के समग्र विकास और हर क्षेत्र के सशक्तिकरण के लिए सभी तरह के कदम उठाएंगे। पहले जो लोग सरकार में रहे, वे सिर्फ इस बात में विश्वास रखते थे कि अपना कार्यकाल निकाल लो, देश में सुधार की जरूरत का जोखिम मत लो लेकिन प्रधानमंत्री जी ने हर क्षेत्र में ऐसे ऐतिहासिक कदम उठाएं है, जिनके दूरगामी सकारात्मक परिणाम नजर आएंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने यूनियन के प्रतिनिधियों की उन आशंकाओं व भ्रांतियों को भी दूर किया, जो कृषि सुधार कानूनों से जुड़ी हुई थी। श्री तोमर ने यूनियन की कुछ क्षेत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार से शीघ्र चर्चा कर उनके निराकरण का आश्वासन भी दिया। श्री तोमर द्वारा वास्तविक वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के बाद यूनियन के प्रतिनिधि संतुष्ट हो गए एवं उन्होंने एक स्वर में कृषि सुधार कानूनों को समर्थन दिया।
यूनियन के संरक्षक श्री रामगोपाल दीक्षित, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवन ठाकुर, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव श्री शिवप्रताप सिंह, श्री अवधेश प्रताप सिंह, श्री रामकिशन दीक्षित आदि ने कृषि मंत्री के समक्ष अपने विचार एवं सुझाव व्यक्त किए।
Mirror 365 - NEWS THAT MATTERSDear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com
Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020



















