Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी के शहीदी दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के दिन को कांग्रेस पार्टी द्वारा किसान अधिकार दिवस के रूप में मनाया

0
182

चंडीगढ़, 31 अक्टूबर

पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी के शहीदी दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के दिन को कांग्रेस पार्टी द्वारा किसान अधिकार दिवस के रूप में मनाकर भिवानी में सत्याग्रह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रुप से हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा, पूर्व नेता हरियाणा कांग्रेस विधायक दल किरण चौधरी ने शिरकत की।

लोगों को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि कृषि विरोधी काले कानूनों के आने के बाद किसानों के अस्तित्व को पूंजीपति तय करेंगे। यह सरकार किसानों को निजी हाथों में बेचना चाहती है। हमारी सिर्फ इतनी सी मांग है कि इन कानूनों के साथ नयूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी दे दीजिए, लेकिन यह नहीं देना चाहते हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों को लूटा गया है। बेरोजगारी से युवा बेहाल हैं। इन्होंने नारा दिया था अच्छे दिन आएँगे, लेकिन किसी के भी अच्छे दिन नहीं आए। इस सरकार में फसलें कम दामों पर बिक रही हैं। श्रीमती इंदिरा गांधी जी द्वारा हरित क्रांति लाई गई थी। किसानों के हित में अनेकों ऐतिहासक फैसले लिए थे। परंतु यह सरकार किसानों को बर्बाद करने पर आमादा है। इस सरकार के फैसले जनता के हितों के विपरीत हैं।

वहीं लोगों को संबोधित करते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि आज हम सत्याग्रह मना रहे हैं। उन दो हस्तियों को याद करते हुए जिन्होंने हमारे स्वतंत्रता संग्राम और देश के निर्माण में महान योगदान दिया। आज इंदिरा गांधी जी का शहीदी दिवस है और सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी ने हमारे देश को, हमारे देश के किसान को आगे बढ़ाया था। आज केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसान और मजदूर विरोधी साबित हो चुकी है। जब हमारे पास खाने को दाने नहीं थे, उस समय इंदिरा इंदिरा गांधी जी ने देश में हरित क्रांति लाई थी, श्वेत कांति लाई थी। न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी इंदिरा गांधी जी ने ही दी थी। आज इन काले कानूनों के तहत किसान और मजदूर को निजी हाथों में बेचा जा रहा है। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य जिसकी गारंटी श्रीमती इंदिरा गांधी जी ने दी थी, उसे खत्म किया जा रहा है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी कहते हैं कि यदि न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलेगा तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। ना नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी। जनता ने ही इनसे इस्तीफा ले लेना है और इनकी सरकार को चलते करना है। यह जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस ने हमेशा किसानों की लड़ाई लड़ी है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती है। आज हम सत्याग्रह मना रहे हैं। सबसे पहला सत्याग्रह वर्ष 1928 में बारडोली सत्याग्रह हुआ था। उस समय अंग्रेजी हुकूमत ने गुजरात में किसानों के लगान को बढ़ा दिया था। सरदार पटेल जी ने उस समय अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था। उनके आंदोलन से अंग्रेजी हुकूमत को घुटने टेकने पड़े थे। आपके समक्ष भी इस सरकार को घुटने टेकने पड़ेंगे। यदि यह सरकार नहीं झुकी तो श्री राहुल गांधी जी यह ऐलान कर चुके हैं कि कांग्रेस पार्टी की सरकार आते ही इन काले कानूनों को वापस ले लिया जाएगा। श्री राहुल गांधी जी किसान व मजदूर की लड़ाई लड़ रहे हैं। आपकी लड़ाई कांग्रेस पार्टी ने संसद में लड़ी और सड़कों पर लड़ रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी कांग्रेस के सम्मनित नेता रहे, वह लौह पुरुष थे, उन्होंने देश को एक रखा। प्रधानमंत्री जी आज गुजरात गए और सरदार पटेल जी को याद कर रहे हैं। भाजपा-आरएसएस के पास अपना कोई नेता नहीं है, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया हो। इसलिए कांग्रेस पार्टी के नेताओं को अपनाने की कोशिश कर रहे हैं। स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने लड़ी थी। सरदार पटेल जी ने उस वक्त कहा था कि आरएसएस पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए। आज देश में बेरोजगारी चरम पर है, किसान-गरीब-युवा त्राहि त्राहि कर रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री जी फोटो खिंचवाने में व्यस्त हैं।

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों और उन पर फरीदाबाद में हुए हमले को लेकर कहा कि आज हरियाणा प्रदेश में अपराध चरम पर है। फरीदाबाद में एक बेटी की सरेआम हत्या कर दी गई। शिक्षण संस्थानों के बाहर पुलिस तैनात होनी चाहिए। लेकिन पुलिस कहाँ पर थी? पानीपत में एक बहन पर तेजाब डाल दिया गया। भाजपा सरकार बेटियों को सुरक्षा देने की बजाय राजनीति करती है। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में मैं और प्रभारी श्री विवेक बंसल जी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने गए थे, वहां पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भी आए थे। जब मैं और विवेक बंसल जी वहां से निकलने लगे तो वहां पर भाजपा के लोगों के द्वारा हमारे साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया। हम पर पत्थर फेंके गए और हमारा घेराव करने की कोशिश की गई। ऐसे समय पर राजनीति करना बेहद ही दुखद है। भाजपा के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा खोखला है। भाजपा के लिए राजनीति सर्वोपरि है। दलित, गरीब, किसान, मजदूर के हित इनके लिए सर्वोपरि नहीं है। आज किसानों सड़कों पर है। लेकिन इन्हें कोई फिक्र नहीं है। हर जगह घोटाले ही घोटाले हुए हैं। आप के दर्द को नहीं समझा गया है।

बरोदा उपचुनाव का जिक्र करते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि बरोदा के लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में मन बना लिया है। आज बरोदा की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है। बरोदा में चारों ओर एक ही वातावरण है कि इस सरकार को आईना दिखाएं। समय आने पर भिवानी के लोग भी सरकार को आईना दिखाएंगे।

कुमारी सैलजा ने प्रदूषण को लेकर लाए गए कानून पर भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सरकार नया कानून लेकर आई है। जो इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा देगा। बताया जाता है कि दिल्ली-एनसीआर में केवल 4 प्रतिशत प्रदूषण ही पराली से होता है। इस कानून में एक करोड़ तक जुर्माने और 5 साल तक की सजा का प्रावधान है। सरकार द्वारा किसानों को इस समस्या का समाधान दिया जाना चाहिए, प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए, नई टेक्नालॉजी दी जानी चाहिए। लेकिन यह सरकार किसानों को बर्बाद करने का काला अध्याय लिख रही है।

इस दौरान पूर्व नेता, हरियाणा कांग्रेस विधायक दल किरण चौधरी ने कहा कि यह काले कानून किसान हित में नहीं है। भाजपा सरकार कहती है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य खत्म नहीं होगा। जो न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित है, उस न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दामों में हरियाणा प्रदेश में किसानों की फसल खरीद हो रही है। यह सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है। यदि यह सरकार कीटनाशकों, खाद, डीजल के दाम कम करती, बिजली-पानी देती, मंडियों में व्यवस्था करती तो किसानों को कुछ फायदा होता। लेकिन आज इस सरकार में कीटनाशकों, खाद, डीजल के दामों में वृद्धि हो रही है। बिजली-पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। मंडियों में कोई व्यवस्था नहीं है। हम मांग कर रहे हैं कि इन कानूनों में एक बात और जोड़ दें कि जो न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम में खरीद करेगा, उसे सजा मिलेगी। लेकिन यह नहीं करना चाहते हैं।

किरण चौधरी ने कहा कि इन काले कानूनों से मंडी व्यवस्था खत्म हो जाएगी। किसान व व्यापारी खत्म हो जाएगा। यह सरकार 72 घंटे में भुगतान के दावे करती है। लेकिन इनके दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। सब्जियों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इन काले कानूनों से जमाखोरी को बढ़ावा दिया गया है। आज इससे महंगाई बढ़ रही है। किरण चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा इन काले कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव लाया जाएगा।

इस दौरान उनके साथ पूर्व सांसद श्रुति चौधरी, पूर्व सीपीएस रामकिशन फौजी, पूर्व विधायक सोमवीर सिंह, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, अमर सिंह हालूवासिया,
रामप्रताप शर्मा, जिला कोऑर्डिनेटर शीशराम मेचु, संदीप खरकिया, कृष्ण लेघ्या, परमजीत मड़डू, अशोक बुवानीवाला समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।