पानीपत/थर्मल.महमूदपुर गांव से गुरुवार शाम को लापता हुए मोहनलाल के ढाई वर्षीय बेटे प्रिंस का शुक्रवार सुबह बाबरपुर जाने वाले नाले में शव मिला। जिस 11 साल के बच्चे ने बताया था कि कार सवार गुंडे प्रिंस का अपहरण कर ले गए, उसकी कहानी झूठ निकली। उसी ने प्रिंस काे नाले में दम तोड़ते देखा है।
बाल कल्याण समिति की सदस्य सरोज आटा ने बताया कि करीब 2 घंटे तक काउंसिलिंग में झूठ पकड़े जाने के बाद बच्चे को कस्टडी में लिया गया। शनिवार को फिर काउंसिलिंग होगी। पुलिस ने बताया कि शरीर पर चोट के निशान नहीं है।
कुरुक्षेत्र के मुंडा खेड़ा गांव निवासी मोहनलाल करीब 15 साल से महमूदपुर में रह रहे हैं।
बड़े भाई तिलकराज ने बताया कि भतीजा प्रिंस गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे घर के पास गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, जो देर शाम तक नहीं आया। खेत में बने डेरे पर रहने वाले 11 वर्षीय बच्चे ने बताया कि उसका कार सवार बदमाश अपहरण कर ले गए। फिर पुलिस को सूचना दी। जिस जगह बच्चा खेल रहा था, वहां से 700 मीटर दूर उसका शव बाबरपुर नाले में पड़ा मिला। डीएसपी सतीश कुमार वत्स ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चौथी क्लास के बच्चे ने बताई झूठी कहानी :
प्रिंस के परिजन शाम को साथ में खेल रहे 11 वर्षीय चौथी कक्षा के बच्चे के घर पहुंची तो उसने बताया कि सफेद रंग की कार में कुछ गुंडे प्रिंस को उठाकर काबड़ी गांव की ओर ले गए। कार पर पीली पट्टी थी। कार का नंबर भी बताया।
फिर बताई हकीकत :
बच्चे ने बताया कि खेलने के बाद वह डेरा पर जाने लगा तो प्रिंस भी पीछे आने लगा। प्रिंस को नाले के पास सरकंडे में बैठा दिया। कुछ देर बाद आया तो बुलबुले उठ रहे थे। फिर प्रिंस का शव ऊपर आ गया। बच्चा डर गया, खेत पर जाकर दादी को बताया कि प्रिंस का कार सवार गुंडे अपहरण कर ले गए। उससे मां कहती थी कि बाहर गया तो कार वाले अपहरण कर लेंगे। यही से उसने कहानी गढ़ दी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today




















