सिर्फ जागरूकता, सतर्कता, समझदारी एवं हौसले से साइबर ठगों से बचा जा सकता है : इंस्पेक्टर इरम रिजवी
सीनियर सिटीजन्स एवं व्यापारी वर्ग को अतिरिक्त तौर पर सजग-सावधान रहना चाहिए
कैट की मीटिंग में हुई साइबर क्राइम पर चर्चा
चण्डीगढ़ : कॉनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), चण्डीगढ़ चैप्टर की बैठक संस्था के स्थानीय अध्यक्ष हरीश गर्ग के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसमें मुख्य अतिथि (वर्चुअल) कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भारतीय थे एवं विशेष अतिथि चण्डीगढ़ पुलिस के साइबर क्राइम सेल की स्टेशन हाउस ऑफिसर इंस्पेक्टर इरम रिजवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। संस्था के प्रेस सचिव जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि बैठक में साइबर क्राइम पर चर्चा हुई जिसमें इरम रिजवी ने व्यापारियों को इस बारे में जागरूक करते हुए कहा कि चण्डीगढ़ में बढ़ रहे साइबर क्राइम फ्रॉड के प्रति सभी चंडीगढ़वासियों को जागरुक व सतर्क रहने की आवश्यकता है, विशेष कर सीनियर सिटीजन्स एवं व्यापारी वर्ग को अतिरिक्त तौर पर सजग-सावधान रहना होगा। यदि कोई साइबर ठग फोन कर डराता-धमकाता है, तो डरने की की बजाए हिम्मत से काम लेते हुए उसे कहिए कि हम संबंधित पुलिस स्टेशन या अधिकारी को वहां जाकर अपना जवाब दे देंगे। किसी भी तरह की अपनी बैंक की डिटेल एवं पासवर्ड साइबर ठगों से किसी भी कीमत पर शेयर मत करें। आधार कार्ड या पैन कार्ड का नंबर मांगने पर एकदम सावधान हो जाना है। ऐसे साइबर ठगों से बचने का एकमात्र उपाय सिर्फ समझदारी एवं हौसला है, किसी भी स्थिति में घबराना नहीं है इस प्रकार आप साइबर तो से बच सकते हैं,
कैट के अखिल भारतीय अध्यक्ष बीसी भारतीय ने व्यापारियों को कहा कि व्यापारियों की उन समस्याओं, जिनसे कि उनका व्यापार प्रभावित होता है, को हल कराने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य महिलाओं को अधिक से अधिक व्यापार में प्रतिभागी बनने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कार्य योजना पर काम करना है। उन्होंने कहा कि यदि देश का व्यापारी सुदृढ़ है तो राष्ट्र भी सुदृढ़ है। कार्यक्रम में स्थानीय कैट इकाई के अध्यक्ष हरीश गर्ग, महासचिव भीमसेन अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रेम कौशिक, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, हरि शंकर मिश्रा, अजय सिंगला, एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।




















