शास्त्री नगर में पिछले कई महीनों से पानी की सप्लाई लो प्रेशर से हो रही है, जिससे स्थानीय निवासी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि मोटर लगाकर भी देख लिया, लेकिन उसके बावजूद पर्याप्त पानी नहीं आ रहा। यह समस्या पिछले करीब एक साल से लगातार बनी हुई है।
शास्त्री नगर निवासी सोनिया ने बताया कि जब भी विभाग में शिकायत की जाती है तो 1-2 दिन के लिए पानी सही प्रेशर से आता है, लेकिन उसके बाद फिर से सप्लाई कम कर दी जाती है। उनका आरोप है कि जानबूझकर पानी का प्रेशर घटा दिया जाता है, जिससे लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ती है।
समाजसेवी कुलवंत जग्गा ने बताया कि इस संबंध में कई बार एसडीओ साहिब जोगिंदर जी, जूनियर इंजीनियर जतिन्दर वालिया जी और वर्क मुंशी अवतार सिंह को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि शास्त्री नगर में नियमित और पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और उन्हें रोजाना की परेशानी से निजात मिले।





















