नई दिल्ली.नई दिल्ली. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम भारत में ठंड रोज नए रिकार्ड बना रही है। इसके चलते मौसम विभाग ने उत्तर भारत को रेड अलर्ट की श्रेणी में शामिल कर प्रशासन को सतर्क रहने के लिए कहा है। शीतलहर और ठंड के प्रकोप का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पंजाब के आदमपुर में माइनस -1.7 डिग्री पारा दर्ज किया गया, तो राजस्थान के 5 शहरों में पारा शून्य से कम दर्ज किया गया। शनिवार को राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले पांच साल का रिकार्ड है। इससे पहले 28 दिसंबर, 2014 को भी न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, पिछले दस साल में इससे नीचे तापमान सिर्फ एक बार 30 दिसंबर, 2013 को 2.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
-
राजस्थान में फतेहपुर सबसे सर्द रहा। यहां पारा माइनस 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में एक रात में ही पारा 2.5 डिग्री गिरकर 5.1 डिग्री चला गया। जयपुर, भरतपुर, अलवर और चित्तौड़गढ़ समेत ज्यादातर शहरों में शनिवार को इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। जोधपुर में पारा 1 डिग्री गिरकर 45 साल में दिसंबर के न्यूनतम स्तर 4.6 पर पहुंच गया। ठंड के चलते झालावाड़ के झालरापाटन क्षेत्र में गोविंदपुरा निवासी मोहनलाल (55) तथा टोंक जिले के पीपलू में केसरलाल की मौत हो गई। दोनों खेतों पर सिंचाई व रखवाली के लिए गए हुए थे।
शन्य से कम रहा 5 शहरों में पारा-
शहर तापमान डिग्री सेल्सियस फतेहपुर -4.5 जोबने -5.0 राजसमंद -1.5 माउंट आबू -1.0 चुरू -0.6 -
उत्तर से आ रहीं बर्फीली हवाओं से भोपाल समेत पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के 25 से ज्यादा शहर शीतलहर की चपेट में हैं। 19 से ज्यादा शहरों में रात का तापमान 4 डिग्री से नीचे पहुंच गया। भोपाल में शनिवार को तापमान 0.3 डिग्री की मामूली बढ़त के साथ 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कान्हा 0 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। बैतूल, पचमढ़ी, अमरकंटक और बांधवगढ़ में रात का तापमान 1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले एक-दो दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। अनुमान है कि पूरे प्रदेश में 31 दिसंबर की रात का तापमान 5 से 6 डिग्री के बीच रह सकता है।
-
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर के साथ पाला भी अगले दो दिन तक जारी रहेगा। आज न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक पहुंच सकता है। अगर ऐसा हुआ तो 10 साल में दिसंबर की सबसे सर्द रात का नया रिकॉर्ड होगा। दिल्ली व पश्चिमी यूपी में सुबह के समय कोहरा रहेगा, जिसमें दृश्यता 500 मीटर तक गिरेगी। वहीं, 1 जनवरी को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है, जिसके असर से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में जनवरी के पहले सप्ताह में भी शीतलहर चलती रहेगी।
-
49 साल में पहली बार झारखंड में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। शनिवार को यहां मैक्लुस्कीगंज का पारा माइनस 1.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 1969 से अब तक राज्य में कभी भी पारा इतना नीचे नहीं गिरा। मैक्लुस्कीगंज के बाद सबसे कम तापमान कांके में 1 डिग्री, डालटनगंज में 4.6 और रांची में 4.8 दर्ज किया गया। जबकि रांची का न्यूनतम तापमान 10 दिसंबर 1996 में सबसे कम 2.2 डिग्री पर पहुंचा था। झारखंड के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में शीत लहर चल रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है।
























