चंडीगढ़। लगातार हो रहे सड़क हादसों और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर ट्रैफिक विभाग ने सक्रियता दिखाई है। एस.एस.पी. ट्रैफिक को की गई गुजारिश के क्रम में मंगलवार को सेक्टर-40 के लाइट प्वाइंट पर डी.एस.पी. ट्रैफिक, ट्रैफिक एक्सपर्ट्स और सेक्टर 40-सी के निवासियों ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया।
सर्वे के दौरान ट्रैफिक मूवमेंट, सिग्नल टाइमिंग, सड़क पार करने वाले पैदल यात्रियों की सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की स्थिति का बारीकी से आकलन किया गया। स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। निवासियों का कहना था कि इस लाइट प्वाइंट पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। खासकर स्कूल और बाजार के समय यातायात दबाव बढ़ जाता है। डी.एस.पी. ट्रैफिक ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सके। वार्ड-27 के पार्षद गुरबक्श रावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और ट्रैफिक विभाग के साथ मिलकर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।




















