- मंत्री एजाज अहमद के मुताबिक, जमात-उद-दावा के सदस्यों को मुख्यधारा में लाना चाहिए
- मंत्री ने माना कि पाकिस्तान कश्मीर मामले पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को साथ लाने में विफल हुआ
Dainik Bhaskar
Sep 12, 2019, 07:05 PM IST
इस्लामाबाद. पाकिस्तानी सरकार के मंत्री एजाज अहमद ने गुरुवार को कहा कि सरकार ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उद-दावा पर लाखों रुपए खर्च किए हैं। अहमद पाकिस्तान के अंदरूनी मामलों के मंत्री हैं। उन्होंने एक स्थानीय न्यूज चैनल से हुई बातचीत में कहा कि हमें प्रतिबंधित संगठन के सदस्यों को मुख्यधारा में लाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान, कश्मीर के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का साथ पाने में नाकामयाब हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री इमरान खान और एक विशेष सत्ता वर्ग पर पाकिस्तान की छवि खराब करने का आरोप भी लगाया। मंत्री अहमद के अनुसार वैश्विक मंचों को यह लग रहा है कि पाकिस्तान एक गंभीर देश नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान ने कश्मीर से संबंधित मुद्दों को उठाया तो अंतरराष्ट्रीय मंचों ने हमारी बात पर यकीन नहीं किया लेकिन भारत की बातों को माना।
पाक आतंकी कश्मीर में सक्रिय हैं: इमरान
इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने अमेरिका में एक कार्यक्रम में यह स्वीकार किया था कि पाकिस्तान के आतंकवादी कश्मीर और अफगानिस्तान में सक्रिय हैं। तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के सत्ता में आने से पूर्व की सभी पाकिस्तानी सरकारें अपने यहां के आतंकी संगठनों से हथियार छुड़वाने में नाकाम रही।




















