Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

सिंघु बॉर्डर पहुंचकर कुमारी सैलजा ने दिया किसान आंदोलन को समर्थन

0
343

सरकार को कृषि विरोधी काले कानून रद्द करने होंगे, इसके अलावा और कुछ भी मंजूर नहीं- सैलजा

कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी और श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी लगातार किसानों के हकों की लड़ाई लड़ रही है- सैलजा

चंडीगढ़, 7 दिसंबर :-
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने सोमवार को सिंघु बॉर्डर पहुंचकर कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत की और उनका दुख दर्द जाना। उन्होंने कहा कि किसान खुशहाल है तो देश खुशहाल है। लेकिन केंद्र में बैठी भाजपा सरकार को किसानों की नहीं सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों की चिंता सताए हुए है। किसानों के अधिकारों की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। किसानों द्वारा 8 दिसंबर को बुलाए गए भारत बंद को कांग्रेस पार्टी ने अपना समर्थन दिया है। उन्होंने किसान आंदोलन के पहले ही दिन पानीपत पहुंचकर भी किसानों को अपना समर्थन दिया था।

इस दौरान उनके साथ कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी व अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कृषि प्रधान देश में किसानों की खुशहाली व उन्नति सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार को किसानों की नहीं सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों की चिंता है। पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाले कृषि विरोधी काले कानून सरकार को रद्द करने होंगे, इसके अलावा और कुछ भी मंजूर नहीं है। सरकार को किसानों की मांगे हर हाल में माननी होंगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि उनके द्वारा सबसे पहले जुलाई माह में इन काले कानूनों के खिलाफ आवाज उठाई गई थी। कांग्रेस पार्टी द्वारा इन काले कानूनों का जमकर विरोध किया गया। भाजपा सरकार की नीयत में शुरुआत से ही खोट रहा है। सरकार द्वारा इन काले कानूनों को बनाने से पहले किसानों से कोई भी राय नहीं ली गई। विपक्ष की आवाज भी नहीं सुनी गई। जब किसान इन कानूनों के खिलाफ आंदोलन पर बैठे रहे तो सरकार द्वारा उनकी कोई सुध नहीं ली गई और फिर हमारे अन्नदाताओं को अपना घर बार छोड़कर मजबूरनवश दिल्ली कूच करना पड़ा। इसके बाद पूरे देश ने देखा कि किस तरह से इस सरकार ने हमारे किसान भाइयों पर अत्याचार किया। सरकार द्वारा षड्यंत्र रचकर इस आंदोलन को दबाने के प्रयास किए गए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि इस कड़कड़ाती ठंड में किसान पिछले 12 दिन से आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन यह सरकार अहंकार में पूरी तरह से चूर है। इस सरकार को सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों की चिंता है। किसान इस लड़ाई में अकेले नहीं हैं। पूरा देश उनके साथ खड़ा हुआ है। कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी और हमारे आदरणीय नेता श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी लगातार किसानों के हकों की लड़ाई लड़ रही है। श्री राहुल गांधी जी द्वारा किसानों के हकों के लिए पंजाब और हरियाणा में ट्रैक्टर यात्रा निकाली गई। कांग्रेस शासित प्रदेशों में इन काले कानूनों के खिलाफ किसानों के हितों की रक्षा करने के लिए नए कानून बनाए गए हैं। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर इन काले कानूनों को निरस्त कर दिया जाएगा।