- इंग्लैंड 27 साल बाद और न्यूजीलैंड लगातार दूसरी बार फाइनल खेलेगा
- इंग्लैंड तीन बार फाइनल खेल चुका है, अब तक एक भी खिताब नहीं जीत सका
- न्यूजीलैंड की टीम पिछले वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी
- मैच का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर दोपहर 3:00 बजे से होगा
Dainik Bhaskar
Jul 14, 2019, 07:48 AM IST
खेल डेस्क. वर्ल्ड कप का फाइनल रविवार को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों की नजर पहली बार चैम्पियन बनने पर होगी। आंकड़ों में इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड की तुलना में अधिक मजबूत है। इंग्लैंड के ओपनर्स ने इस टूर्नामेंट में अब तक 1062 रन बनाए। दूसरी ओर न्यूजीलैंड के ओपनर्स सिर्फ 328 रन ही बना सके। इंग्लिश ओपनर्स ने इस वर्ल्ड कप में 4 शतक और 6 अर्धशतक लगाए। न्यूजीलैंड का कोई ओपनर बल्लेबाज शतक नहीं लगा सका। उनके नाम सिर्फ 2 अर्धशतक हैं।
गेंदबाजी में भी इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड से मजबूत नजर आ रही है। एक तरफ न्यूजीलैंड के गेंदबाज अब तक 74 विकेट ले चुके हैं। वहीं, इंग्लिश गेंदबाजों ने 82 विकेट लिए। दोनों टीमों के 4-4 गेंदबाजों ने अब तक 10+ विकेट लिए। टॉप-10 गेंदबाजों में इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड शामिल हैं। इस लिस्ट में दो कीवी गेंदबाज लॉकी फर्गुसन और ट्रेंट बोल्ट हैं।
इंग्लैंड को 1992 के फाइनल में पाकिस्तान ने हराया था
इंग्लैंड की टीम 27 साल बाद फाइनल में पहुंच गई। वह पिछली बार 1992 में खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ हार गई थी। इंग्लैंड का यह चौथा फाइनल है। 1992 के अलावा वह 1987 में ऑस्ट्रेलिया और 1979 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हार गया था। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम दूसरी बार फाइनल खेलेगी। पिछली बार 2015 में उसे ऑस्ट्रेलिया ने हराया था।
न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में भारत को हराया था
किसके खिलाफ | कौन जीता |
भारत | न्यूजीलैंड |
इंग्लैंड | इंग्लैंड |
ऑस्ट्रेलिया | ऑस्ट्रेलिया |
पाकिस्तान | पाकिस्तान |
वेस्टइंडीज | न्यूजीलैंड |
दक्षिण अफ्रीका | न्यूजीलैंड |
भारत | मैच रद्द |
अफगानिस्तान | न्यूजीलैंड |
बांग्लादेश | न्यूजीलैंड |
श्रीलंका | न्यूजीलैंड |
इंग्लैंड ने ग्रुप दौर में न्यूजीलैंड को हराया था
किसके खिलाफ | कौन जीता |
ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड |
न्यूजीलैंड | इंग्लैंड |
भारत | इंग्लैंड |
ऑस्ट्रेलिया | ऑस्ट्रेलिया |
श्रीलंका | श्रीलंका |
अफगानिस्तान | इंग्लैंड |
वेस्टइंडीज | इंग्लैंड |
बांग्लादेश | इंग्लैंड |
पाकिस्तान | पाकिस्तान |
दक्षिण अफ्रीका | इंग्लैंड |
इंग्लैंड की मजबूती
जेसन रॉय : इंग्लैंड का यह ओपनर 6 पारियों में 426 रन बना चुका है। इस दौरान जेसन रॉय का औसत 71 का रहा है। वहीं, उन्होंने 117.03 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। जेसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टूर्नामेंट में 60 रन की पारी खेली थी। उन्होंने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 85 रन बनाए थे। वे टूर्नामेंट के सबसे अहम मैच में भी टीम को अच्छी शुरुआत देना चाहेंगे।
जोफ्रा आर्चर : वर्ल्ड कप से ठीक पहले इंग्लैंड की टीम में शामिल किए गए आर्चर ने वनडे में अपनी उपयोगिता साबित की है। लगातार 145 किमी से भी ज्यादा की स्पीड से गेंद फेंकने की उनकी क्षमता आर्चर को घातक बनाती है। सिर्फ 13 वनडे का अनुभव रखने वाले आर्चर ने इस टूर्नामेंट में अब तक 19 विकेट लिए हैं।
इंग्लैंड की कमजोरी
लियम प्लंकेट : मध्यम गति के गेंदबाज प्लंकेट पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विकेट निकालने में नाकाम रहे थे। उन्हें मोइन अली की जगह टीम में शामिल किया गया है। कप्तान मॉर्गन उनसे बीच के ओवरों में गेंदबाजी करवाते हैं ताकि दूसरे टीम के बल्लेबाज रन कम बना सके। प्लंकेट ने पिछले मैच में 5 से ज्यादा की इकोनॉमी रेट से रन दिए । इंग्लैंड टीम प्रबंधन चाहेगा कि प्लंकेट टीम को विकेट निकाल कर दें।
न्यूजीलैंड की ताकत
केन विलियम्सन : टीम के कप्तान केन विलियम्सन का प्रदर्शन इस वर्ल्ड कप में अब तक बेहतरीन रहा है। उन्होंने 8 पारियों में 91.33 की औसत से 548 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 76.32 का रहा। विलियम्सन ने 48 चौके और 3 छक्के लगाए। न्यूजीलैंड के कप्तान ने इस वर्ल्ड कप में 2 शतक लगाए हैं। विलियम्सन ने सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। वे अपनी फॉर्म को फाइनल में भी जारी रखना चाहेंगे।
लॉकी फर्गुसन : न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ी है। लॉकी फर्गुसन ने 8 मैच में 18 विकेट लिए। एक बार मैच में चार विकेट भी अपने नाम किए। लॉकी 150 किमी/घंटा की स्पीड से गेंद करने में सक्षम हैं। इस वर्ल्ड कप में उनका इकोनॉमी रेट 4.87 का रहा। वे अपनी तेजी से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को चौंकाना चाहेंगे।
न्यूजीलैंड की कमजोरी
मार्टिन गुप्टिल आउट ऑफ फॉर्म : टीम का यह ओपनर बल्लेबाज शुरुआती मैचों के बाद रन बनाने में नाकाम रहा है। गुप्टिल ने 9 पारियों में 20.88 की औसत से 167 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 82.27 का रहा। गुप्टिल पिछली 8 पारियों में अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। सेमीफाइनल में वे भारत के खिलाफ सिर्फ 1 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए थे। वे फाइनल में मुकाबले में टीम को मजबूत शुरुआत देना चाहेंगे।
दोनों टीमें
इंग्लैंड : इयॉन मॉर्गन (कप्तान), जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), मोइन अली, क्रिस वोक्स, लियम प्लंकेट, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, टॉम करन, मार्क वुड, जेम्स विंस, लियम डॉसन।
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), रॉस टेलर, टॉम ब्लंडेल, ट्रेंट बोल्ट, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, लॉकी फर्ग्युसन, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, कॉलिन मुनरो, जेम्स नीशम, हेनरी निकोलस, मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी।