Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय गांव जाटूसाना में महासंक्रान्ति के पर्व पर शिव मोहन गौशाला में आयोजित यज्ञ में पूर्णाहुति डालते हुए।

0
326

लोहड़ी व मकर संक्रांति पर्व आपसी भाईचारे व गौ संरक्षण का देते हैं संदेश – दत्तात्रेय
– राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा- गौ माता का भारतीय सभ्यता व संस्कृति से बहुत गहरा और पुराना नाता
– राज्यपाल ने जाटूसाना गांव में शिव मोहन गौशाला में पहुंच 108 कुंडीय महायज्ञ में डाली पूर्णाहुति
– राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी मकर संक्रांति व लोहड़ी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं
– आईटीबीपी सेंटर में किया पौधरोपण
चण्डीगढ़ 13 जनवरी – हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि लोहड़ी व मकर संक्रांति पर्व अपासी भाईचारे व गौ संरक्षण का संदेश देते हैं। जाटूसाना गौशाला में गौ संरक्षण के उद्देश्य से जो 108 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया है वह बेहद शुभ है। राज्यपाल शुक्रवार को गांव जाटूसाना स्थित शिव मोहन गौशाला में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले राज्यपाल ने शिव मोहन गौशाला में यज्ञशाला व टीन शेड का शिलान्यास भी किया। उन्होंने गौ संरक्षण के उद्देश्य से 108 कुंडीय महायज्ञ में पूर्णाहुति डालते हुए प्रदेश वासियों के उज्जवल व स्वस्थ भविष्य की कामना की।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि गौ माता का हमारी सभ्यता, संस्कृति तथा परम्पराओं से बहुत गहरा और पुराना नाता है। हमारे धार्मिक ग्रंथों में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और उसकी पूजा की जाती है। गाय को हमारे देश में समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना गया है। हमें गौ माता का पूरा आदर-सम्मान करते हुए गौ संरक्षण करना चाहिए जिसमें केंद्र व प्रदेश सरकार अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही है।
गोवंश हमारी अर्थव्यवस्था का आधार रहा – राज्यपाल
राज्यपाल ने कहा कि गौ माताएं सर्वश्रेष्ठ, पवित्र, पूजनीय और संसार भर में उत्तम हैं। इनके दूध, दही, घी के बिना संसार में यज्ञ सम्पन्न नहीं होते। ‘गौ’ में सदैव लक्ष्मी निवास करती है। उन्होंने कहा कि खेत खलिहान एवं पशुधन की संभाल करके हमने अपनी समृद्धि का ताना-बाना बुना है। गौवंश हमारी अर्थव्यवस्था का आधार रहा है। गौधन कृषि प्रधान ग्राम वासियों भारत माता के गांवों की तो जीवन रेखा है।
राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि गौ माता की सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। गाय हमारा पोषण संवर्धन करने वाली है। गौमाता जन्म देने वाली माता के तुल्य है। खुशी है कि हरियाणा सरकार ने गौमाता की रक्षा और पालन का सार्थक प्रयास किया है। इस उद्देश्य से राज्य में गौ सेवा आयोग बनाया गया है। प्रदेश में गाय की डेयरी के लिए 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। राष्ट्रीय गौकुल मिशन के अन्तर्गत देसी गायों की नस्ल संरक्षण एवं विकास के लिए राजकीय पशुधन फार्म, हिसार में गोकूल धाम की स्थापना की गई है। हरियाणा गौ सेवा आयोग के माध्यम से पंजीकृत गौशालाओं को गत वर्ष से अब तक 41 करोड़ रुपए की राशि दी गई है। राज्यपाल ने गौशाला समिति को राजभवन कोष की ओर से 5 लाख रूपए की राशि दान स्वरूप देने की घोषणा की। साथ ही उसके उपरांत राज्यपाल जाटूसाना स्थित 28 बटालियन आईटीबीपी सेंटर भी पहुंचे और पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सेंटर में विजिटर बुक में अपने विचारों को भी उल्लेखित किया।
गौशाला के सहयोग के लिए सरकार तत्पर – विधायक
कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने राज्यपाल का हलके में पहुंचने पर स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि लोहड़ी व मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर राज्यपाल ने कोसली विधानसभा क्षेत्र की जनता व गौ सेवकों के बीच पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता निभाई है।
ये रहे मौजूद –
इस अवसर पर विधायक कोसली लक्ष्मण सिंह यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष हुकमचंद यादव, स्वामी धर्मदेव, स्वामी समपर्नानंद, गौबर गोपाल सरस्वती, जिला परिषद अध्यक्ष मनोज यादव सहित डीसी अशोक कुमार गर्ग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
———-