Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

भाजपा-जजपा सरकार की सभी घोषणाएं खोखली साबित हुईं – कुमारी सैलजा

0
130

भाजपा-जजपा सरकार की सभी घोषणाएं खोखली साबित हुईं – कुमारी सैलजा

भाजपा-जजपा सरकार ने अपने 600 दिन के कार्यकाल में हरियाणा प्रदेश को कई वर्षों पीछे धकेल दिया है- सैलजा

चंडीगढ़, 17 जून

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार के कार्यकाल के 600 दिन पूरे होने पर कहा कि इस सरकार की सभी घोषणाएं खोखली साबित हुई हैं। सरकार ने अपने 600 दिन के कार्यकाल में हरियाणा प्रदेश को कई वर्षों पीछे धकेल दिया है। प्रदेश की जनता ने ही इस सरकार को जीरो नंबर दे दिए हैं, विपक्ष भी सरकार को वही जीरो नंबर देगा जो आम जनता दे रही है।

यहां जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि इस सरकार ने अपने 600 दिन के कार्यकाल में केवल कैबिनेट बैठकें और घोषणाएं की हैं, जो कि सभी खोखली साबित हुई हैं। कोई भी घोषणा यह सरकार पूरी नहीं कर पाई है। कोरोना के समय की बात करें तो, उसके बाद से अब तक इस सरकार ने हरियाणा प्रदेश को बहुत पीछे धकेल दिया है। स्वास्थ्य सेवाएं ठीक से दुरुस्त नहीं की गई। यही कारण था कि इस बार कोरोना की दूसरी लहर में प्रदेश वासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ना इलाज का इंतजाम था, ना दवाई का इंतजाम था, ना अस्पताल में बेड और ऑक्सीजन उपलब्ध थी। ऑक्सीजन की कमी के कारण लोगों की जानें गईं। दवाइयों की जमकर कालाबाजारी हुई।

कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश में अपराधियों के हौंसले पूरी तरह बुलंद हैं। सरकार की नाकामियों के कारण लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यह सरकार एक विफल सरकार साबित हुई है। किसान और मजदूर पिछले सात महीने से आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन सरकार द्वारा ना तो उनसे बातचीत की जा रही है ना उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि आज प्रदेश से उद्योग पलायन कर रहे हैं। बेरोजगारी चरम पर है। जब उद्योग ही नहीं होंगे तो किस बात का आरक्षण मिलेगा। सरकारी नौकरियों को यह सरकार खत्म करने पर आमादा है। जब नौकरियां हैं ही नहीं तो अनुसूचित जाति और ओबीसी वर्ग के लिए नौकरियां कहां से आएंगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि इस सरकार की नाकामी के कारण प्रदेश का कर्ज आज लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्ष 1966 से लेकर वर्ष 2014 तक 48 वर्षों में प्रदेश पर जो कर्जा 70 हजार करोड़ था, वह वर्ष 2014 के बाद से अब इस सरकार में 2,27,631 करोड़ तक जा रहा है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि जब सरकार के प्रतिनिधि खुद लोगों के बीच ना जा पाएं, तो यह सरकार कैसे चल सकती है। प्रदेश की सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। यह सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है। आज पेट्रोल डीजल की कीमत आसमान छू रही हैं। आमदनी दोगुनी होने की बात तो दूर किसानों के खर्चे दोगने हो गए हैं। किसानों को उनकी फसलों के सही दाम नहीं मिल रहे हैं। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो चुकी है।