
- अंतरराष्ट्रीय आवाजाही के नियमों में फेरबदल किया गया
- युवती कनाडा के शहर सरी में वर्क परमिट पर रह रही थी
दैनिक भास्कर
Mar 21, 2020, 09:40 AM IST
कोटकपूरा . काेरोनावायरस के चलते अंतरराष्ट्रीय आवाजाही के नियमों में फेरबदल के चलते फरीदकोट के गांव जीवनवाला की एनआरआई व उसकी 5 माह की बच्ची कनाडा जाते समय दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं। विधायक कुलतार सिंह संधवा व सांसद भगवंत मान के प्रयास के बाद उनकी स्वदेश वापसी संभव हुई। जानकारी अनुसार युवती नवरीत कौर कनाडा के शहर सरी में वर्क परमिट पर रह रही थी। डेढ़ साल पहले उसकी वहां शादी हुई थी। शादी के बाद 5 माह की बेटी है।
बेटी का जन्म कनाडा में होने के चलते उसे कनाडा की स्थायी नागरिकता मिल गई। नवरीत कौर कुछ समय पहले अपने मायके वालों से मिलने भारत आई थी। 19 मार्च को वापस कनाडा के लिए वाया दुबई फ्लाइट थी। दुबई पहुंचकर कोराेना को लेकर अंतरराष्ट्रीय आवाजाही के नियमों में हुए बदलाव ने उसे दुविधा में फंसा दिया। दुबई एयरपोर्ट अधिकारियों ने उन्हें यह कहकर आगे जाने से इनकार कर दिया कि कनाडा के नए नियमों के अनुसार सिर्फ स्थायी नागरिक ही कनाडा जा सकते हैं जबकि अन्य किसी भी तरह के वीजा पर जाने वालों की एंट्री कनाडा में प्रतिबंधित है। ऐसे में बेटी को तो जाने की इजाजत मिल सकती है पर आपको नहीं। इसके बाद नवरीत ने अपने परिजनों से संपर्क किया था।



















