
Dainik Bhaskar
Jul 29, 2019, 07:45 PM IST
टीवी डेस्क. भजन सम्राट अनूप जलोटा 29 जुलाई को जीवन में 67वां जन्मदिन मना रहे हैं। लेकिन इस बार उन्होंने जन्मदिन नहीं मनाया। हाल में उनकी माताजी का देहांत हो गया था, इसलिए अनूप ये पूरा साल मां को समर्पित करेंगे, उसके बाद उत्सव मनाएंगे। जन्मदिन से लेकर ‘बिग बॉस’ में जाने और जसलीन मथारू से अपने रिश्ते के अलावा हाल ही में ऋषि कपूर से मिलने की बात पर अपने विचार रखे।
अनूप जलोटा से बातचीत के खास अंश
-
आपने इस बार बर्थडे सेलिब्रेट नहीं किया
हां, इस बार बर्थडे सेलिब्रेट नहीं किया, क्योंकि कुछ ही दिन पहले मां चली गईं। साल भर कुछ भी सेलिब्रेट नहीं करेंगे। यह पूरा साल माताजी को डेडिकेट करेंगे, उसके बाद ही कोई सेलिब्रेशन होगा। हालांकि कुछ नहीं किया, इसके बावजूद दिन भर में लगभग 500 लोग घर पर जन्मदिन की बधाइयां देने आए।
-
माताजी के नाम पर कुछ करना चाहेंगे
मां के नाम पर पहले से करते आए हैं। मेरे पास जो भी संगीत सीखते थे, वे मां के पास भी संगीत सीखने जाते थे। वे कभी भजन, कभी ठुमरी तो कभी तबला बजाना सिखाती थीं। वे तबला वादक थीं। उन्होंने संगीत की बहुत सेवा की है, मुझे भी सिखाया है। गजल, भजन में वे इतनी निपुण थीं कि जब मैं 16 साल का था, तब हम दोनों ने एक साथ लखनऊ में रेडियो ऑडिशन दिया था। उसमें मैं फेल और वे पास हो गई थीं।
-
मां का आशीर्वाद नहीं मिला, कौन-सी बात सबसे ज्यादा चुभी
सबसे ज्यादा यही बात चुभी कि अगर वे होतीं तो सबके साथ बैठकर गातीं। उनको तलत अजीज का गाना- ‘फिर छिड़ी रात बात फूलों की.. बहुत पसंद था। वे तलत के साथ यह गाना मेरे बर्थडे पर जरूर गाती थीं। इस तरह की कुछ चीजें हैं, जिसे भूलना कठिन है। 6 साल पहले की बात है, जब मुंबई एयरपोर्ट पर खड़ा था, तब होम मिनिस्ट्री से मुझे फोन आया। उन्होंने बताया कि इस बार आपको पद्मश्री दे रहे हैं। उन्हें धन्यवाद देकर मैंने सबसे पहले मां को फोन करके बताया कि इस बार मुझे पद्मश्री मिल रहा है, तब वे कहने लगीं- ‘बहुत खुशी की बात है, पर अब जरा ठीक से गाना।’
-
बिग बॉस में जाना कितना नुकसानदेह रहा
नहीं, ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। लोग कहने को तो बहुत कुछ कहते हैं। लेकिन मुझे उससे फायदा ही हुआ। मुझे जो बच्चे नहीं जानते थे, आज वे भी जानने लगे हैं। ‘बिग बॉस’ में आने के बाद से न सिर्फ मेरी देश-विदेश में ख्याति बढ़ी है, बल्कि मेरा 25 पर्सेंट रेट भी बढ़ा दिया। मैंने वहां योग और संगीत अभ्यास बहुत किया, इसलिए मेरा स्वास्थ्य अच्छा होने के साथ संगीत में भी निखार आया।
-
अब शो को लेकर क्या व्यस्तताएं हैं
उस समय इसलिए नहीं था, क्योंकि तीन महीने के लिए वहां जाना था। अब तो इतनी व्यस्तता हो गई है कि कुछ और करने का समय ही नहीं मिलता। अगस्त महीने में मुझे तीन देशों- अमेरिका, बांग्लादेश, सिंगापुर का दौरा करना है। शोज में भी 25 फीसदी का इजाफा हुआ है। पहले महीने में 15 शोज करता था, अब तो 20 के आसपास होने लगे हैं।
-
जसलीन से रिश्ते को अब किस तरह लेते हैं
मैं तो मजाक में उड़ा देता हूं, क्योंकि वह तो सच है ही नहीं। वह तो वहीं तक था। जैसे एक फिल्म होती है, वैसे वह एक टीवी शो था। मुझे तो इसका कोई असर ही नहीं होता। अगर मुझे ‘बिग बॉस’ में बुला लें, तब फिर चला जाऊंगा। मुझे तो इतना अच्छा लगा। उसमें तो कोई गड़बड़ ही नहीं थी, वह तो विवादित बातें गलत सिद्ध हो गईं। जब वे गलत सिद्ध हो गईं, तब क्या फर्क पड़ता है।
-
जसलीन के कन्यादान की बात पर कायम हैं
हां, हां.. बिल्कुल करेंगे। उसके लिए मैं और उसके पिताजी लड़का ढूंढ़ रहे हैं। कुछ रिश्ते आज भी कलंकित हो रहे हैं उनको ऐसा नहीं करना चाहिए। बिल्कुल नहीं। रिश्तों की एक सुंदरता होती है, उसकी एक गरिमा होती है, उसे हमेशा सहेज और संभालकर रखना चाहिए।
-
जन्मदिन से जुड़ा कोई यादगार वाकया शेयर करेंगे
एक बार मुंबई स्थित वर्ली में मेरे जन्मदिन की पार्टी थी। जगजीत सिंह मेरे बर्थडे पर आए। उन्होंने मेरी पार्टी में दो घंटे तक गाया। यह असंभव-सी बात थी, क्योंकि वे किसी पार्टी में गाते नहीं थे। यह हम सभी कलाकारों के आपस के संबंध और प्रेम के कारण ही हो सका।
-
पत्नी के जाने के बाद घर पर ही बर्थडे मनाते हैं
यह पूरी तरह सच है। उन दिनों पत्नी भी थी और मेरा बेटा भी साथ में रहता था। छह साल पहले बेटा अमेरिका पढ़ने चला गया और लगभग पांच साल पहले पत्नी गुजर गईं। जब सब होते थे, तब बाहर अच्छी व्यवस्था करते थे, लेकिन उसके बाद तो घर पर ही करने लगे।
-
ऋषि कपूर से मिलकर आए उनसे क्या बातें हुईं
वे बिल्कुल ठीक हैं। वे कह रहे थे कि मैं महीने-डेढ़ महीने में वापस आ जाऊंगा और शूटिंग शुरू कर दूंगा। सितंबर-अक्टूबर में आ ही जाएंगे। वे स्वस्थ हैं। उनसे मिलने उनके फ्लैट पर गया था, जो शायद 10वां माला था। वे मुझे नीचे मेरी गाड़ी तक छोड़ने आए। वे अच्छे-खासे हेल्दी हैं, चलते-फिरते हैं। मैं करीब एक घंटा बैठा था। उनके साथ नीतू भी थीं। उनके साथ मेरा पारिवारिक संबंध है।
‘);$(‘#showallcoment_’+storyid).show();(function(){var dbc=document.createElement(‘script’);dbc.type=’text/javascript’;dbc.async=false;dbc.src=’https://i10.dainikbhaskar.com/DBComment/bhaskar/com-changes/feedback_bhaskar.js?vm15′;var s=document.getElementsByTagName(‘script’)[0];s.parentNode.insertBefore(dbc,s);dbc.onload=function(){setTimeout(function(){callSticky(‘.col-8′,’.col-4′);},2000);}})();}else{$(‘#showallcoment_’+storyid).toggle();callSticky(‘.col-8′,’.col-4′);}}