Mirror 365 - NEWS THAT MATTERS

Dear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com

Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार बेशर्मी की सभी हदों को पार कर रही है।

0
235

चंडीगढ़, 30 जनवरी-

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार बेशर्मी की सभी हदों को पार कर रही है। किसानों की आवाज दबाने के लिए लगातार शर्मनाक करतूत भाजपा सरकार द्वारा की जा रही हैं। भाजपा द्वारा आज किसानों को देशद्रोही करार देने के लिए तमाम हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। भाजपा की यह कैसी देशभक्ति है। भाजपा यह याद रखे कि इन किसानों के परिवारों ने ही देश के लिए अपना बलिदान दिया है। देश की रक्षा के लिए सीमाओं पर इन किसानों के परिवार के सदस्य ही हैं। कांग्रेस पार्टी द्वारा किसानों के समर्थन में तीन फरवरी से पांच फरवरी तक हरियाणा प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में शांति मार्च का आयोजन किया जाएगा। जो भाजपा द्वारा अंग्रेजी हुकूमत की तर्ज पर फूट डालो और राज करो की नीति किसान आंदोलन में अपनाई जा रही है, उसे देखते हुए आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यह निर्णय लिया है कि शांति, आपसी भाईचारा व सौहार्द कायम रखने के लिए हरियाणा प्रदेश में यह शांति मार्च निकाले जाएंगे।

यह बातें हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहीं। इससे पहले कुमारी सैलजा ने हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धा सुमन भी अर्पित किए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ जब से यह आंदोलन शुरू हुआ है। उसी दिन से भाजपा द्वारा षड्यंत्र रचकर इस आंदोलन को बदनाम करने के कुत्सित प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले 70 दिनों से हमारे किसान भाई दिल्ली की सीमाओं पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। कहीं भी हिंसा की कोई वारदात नहीं हुई। भाजपा के लोग धरना स्थल पर शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे हमारे किसान भाइयों पर हमला कर रहे हैं। पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। भाजपा के इशारे पर ही पुलिस प्रशासन द्वारा आंदोलनरत किसानों को धमकाया और डराया जा रहा है। किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर लाल किले पर जो शर्मनाक करतूत हुई, उसमें भी भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है। जिस दीप सिद्धू नामक व्यक्ति ने वहां पर झंडा फहराने की जिम्मेदारी ली है। उसकी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ तस्वीरें सामने आई हैं। लाल किले पर शर्मनाक करतूत करने वाले दीप सिद्धू ने सभी के सामने यह कबूल किया है कि इस कृत्य में वह शामिल है। लेकिन यह बेहद ही हैरान करने वाला है कि अभी तक उस व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह व्यक्ति खुलेआम घूम रहा है। दूसरी तरफ निर्दोष किसान नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। जिस लाल किले पर परिंदा भी पर नहीं मार सकता उस जगह पर आखिर कैसे इन अराजक तत्वों को घुसने दिया गया। यह बड़ा सवाल है। दिल्ली हिंसा और लाल किले पर जो शर्मनाक करतूत की गई है, उसकी जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि पिछले चार महीने में किसान आंदोलन में 180 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। किसानों की जो जानें गई हैं, उसके लिए भाजपा सरकार सीधे तौर पर जिम्मेदार है।केंद्र सरकार के इशारे पर हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार भी किसानों की आवाज को कुचलने के लिए हर कदम उठा रही है। हरियाणा प्रदेश में इंटरनेट बंद करना इसी का एक और जीता जागता सबूत है। यह अभिव्यक्ति की आजादी पर एक और सुनियोजित हमला है। भाजपा सरकार चाहे कितनी भी साजिशें रच ले, किसानों की आवाज को नहीं दबा सकती है।

इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, हरियाणा कांग्रेस महासचिव डॉ अजय चौधरी, हरियाणा महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, हरियाणा कांग्रेस मीडिया कोऑर्डिनेटर निलय सैनी, हरियाणा कांग्रेस कोषाध्यक्ष रोहित जैन समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।