
Dainik Bhaskar
Sep 14, 2019, 09:56 AM IST
मोहाली. एक सपेरा 4 साल के बच्चे को उठाकर अपने झाेले में डाल रहा था। बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर मां वहां पहुंच गई और सपेरे से भिड़ गई। करीब तीन से चार मिनट तक दोनों में हाथापाई होने के बाद सपेरा भाग गया। मौके पर इलाके के काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे।
बलौंगी थाने में लोगों ने यह सूचना दी तो वहां से एसएचओ मनफूल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सपेरे की बाइक को कब्जे में लेकर उसकी डिटेल निकलवानी शुरू की। साथ ही आसपास के एरिया में चेकिंग शुरू कर दी।
इस दौरान आरोपी सपेरा पुलिस को गांव बहलोलपुर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेतों में मिला, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान अजय नाथ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 511 के तहत केस दर्ज किया है।
केले देने के बहाने बच्चों को पास बुलाया
पुलिस को दी शिकायत में चार साल के बच्चे प्रशांत की मां सुख देवी ने बताया कि वह बहलोलपुर में ही एक कंस्ट्रक्शन साइट में काम करती है। शुक्रवार को काम कर रही थी, जबकि दोनों बच्चे बाहर खेल रहे थे। बाइक पर आए एक सपेरे ने बच्चों को केले देने का लालच देकर अपने पास बुलाया।
जैसे ही दोनों बच्चे उसके पास गए तो उसने चार साल के बेटे प्रशांत को उठाकर अपने झोले में डाल लिया। बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर वह भागकर बाहर आई। उसने सपेरे को पकड़ लिया और उसके साथ हाथापाई करते हुए बच्चे को छुड़वाने का प्रयास किया। आवाजें सुनकर लोग भी आ गए। इसके बाद सपेरा अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया।



















