चण्डीगढ़ 14 सितम्बर- हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर देश व प्रदेशवासियों को ‘‘हिंदी दिवस’’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में हिंदी का महत्वपूर्ण योगदान है।
श्री दत्तात्रेय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए लड़ी गई लड़ाई में हिन्दी भाषा ने हथियार के रूप में काम किया था। हिन्दी भाषा के माध्यम से ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जन-जन को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ा और देश में स्वतंत्रता प्राप्ति की लहर उठ खड़ी हुई थी। इसी परिणामस्वरूप देश 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ।
उन्होंने कहा कि विश्व में लगभग 65 करोड़ लोग हिन्दी बोलते हैं। जिनमें भारत में 45 करोड़ से भी अधिक लोग हिन्दी बोलते हैं। हिन्दी एक राष्ट्रभाषा है। देश की आजादी के योगदान के साथ-साथ भारतीय प्राचीन सभ्यता व संस्कृति की अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में हिन्दी भाषा का अपना स्थान रहा है। केन्द्र सरकार ने हिन्दी भाषा में आधुनिक प्रचलन के नए शब्दों को जोड़कर हिन्दी के विकास के लिए कार्य किया है।
उन्होंने आमजन से अपील की है सभी लोग अपनी क्षेत्रीय भाषा के साथ-साथ राष्ट्रभाषा हिन्दी के विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा में तो हिन्दी आन्दोलन-1957 के 205 मातृभाषा सत्याग्रहियों को 10,000 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है। इसके लिए उन्होंने हरियाणा सरकार की प्रशंसा की है।
राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने देश और प्रदेशवासियों को आजादी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्सव के अवसर पर कोविड टीकाकरण में 75 करोड़ खुराक का लक्ष्य हासिल करने पर भी बधाई व शुभकामनाएं दी है। यह देशवासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा टीकाकरण का सबसे बड़ा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने भी टीकाकरण मामले में विशेष उपलब्धि प्राप्त की है। प्रदेश में अभी तक एक करोड़ 90 लाख कोविड वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान 75 करोड़ का लक्ष्य पार करना केन्द्र व राज्य सरकार की गम्भीरता व प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि देश में कोविड टीकाकरण के अभियान की विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी सराहना की है।
उन्होंने इतने बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी कोरोना योद्धाओं को बधाई दी है और आम-जन से अपील की है कि वे स्वयं ही टीकाकरण के लिए आगे आएं और देश को वायरस से मुक्त रखते हुए ट्रांसमिशन चेन को तोड़े।
Mirror 365 - NEWS THAT MATTERSDear Friends, Mirror365 launches new logo animation for its web identity. Please view, LIKE and share. Best Regards www.mirror365.com
Posted by Surinder Verma on Wednesday, June 17, 2020